चंचल कुमार ने सूचना एवं प्रसारण के सचिव का कार्यभार संभाला
नई दिल्ली,2 अप्रैल 2026 (एजेंसी)।भारतीय प्रशासनिक सेवा के 1992 बैच के बिहार कैडर के अधिकारी चंचल कुमार ने कल सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव का कार्यभार संभाल लिया।
श्री कुमार के कार्यभार ग्रहण करने के अवसर पर निवर्तमान सचिव संजय जाजू और मंत्रालय तथा विभिन्न मीडिया इकाइयों के अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। श्री जाजू को पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय के सचिव का कार्यभार सौंपा गया है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार इससे पहले, श्री कुमार पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय और नागर विमानन मंत्रालय में सचिव के पद पर थे। वह केंद्र में अन्य कई शीर्ष पदों पर रह चुके हैं।
बिहार सरकार में कई जिलों में जिला मजिस्ट्रेट रहने के अलावा वह मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव और मुख्यमंत्री के सचिव सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर रहे है।
मृदुल भाषी,कर्मठ एवं कार्य के प्रति दृढ़ श्री कुमार ने आई आईटी कानपुर से बी.टेक और एम.टेक की डिग्री और पटना विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में पीएचडी की उपाधि प्राप्त की है।
सार्क जर्नलिस्ट फोरम के एक्जीक्यूटिव चेयरमैन डॉ. समरेंद्र पाठक ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय में सचिव पद का कार्यभार संभालने के लिए श्री कुमार को बधाई दी है।
श्री पाठक ने कहा है, कि श्री कुमार मिथिला ही नहीं बिहार एवं देश के गौरव है। उन्होंने उम्मीद जताई है,कि श्री कुमार के कार्यकाल में देश के पत्रकारों के हित में भी कई कार्य होंगे।एल.एस.


