चुनाव का संदेश लेकर पहाड़ों की ओर दौड़ी ‘डेमोक्रेसी एक्सप्रेस’,
दार्जिलिंग की मेगा SVEEP पहल ने खींचा ध्यान
अजित प्रसाद,दार्जिलिंग: मतदाताओं को सीधे जागरूक करने के लिए प्रशासन की अनोखी पहल के तहत इस बार पहाड़ी शहर दार्जिलिंग में “मेगा SVEEP” कार्यक्रम ने एक मिसाल कायम की।
विधानसभा चुनाव 2026 को सामने रखते हुए जिला चुनाव कार्यालय के साथ संयुक्त रूप से इस पहल में Darjeeling Himalayan Railway भी शामिल हुआ।
इस दिन कार्यक्रम का मुख्य केंद्र था ऐतिहासिक Darjeeling Railway Station, जहां सुबह से ही जागरूकता कार्यक्रमों की रौनक छा गई। प्रशासनिक अधिकारियों, रेलवे कर्मचारियों और आम लोगों की उपस्थिति से पूरा इलाका मानो उत्सव में बदल गया।
कार्यक्रम की शुरुआत में परंपरा के अनुसार अतिथियों को खादा पहनाकर सम्मानित किया गया और दीप जलाकर मतदान जागरूकता का संदेश दिया गया। साथ ही पहाड़ी सांस्कृतिक दलों के नृत्य प्रदर्शन ने कार्यक्रम में एक अलग ही रंग भर दिया।
हालांकि पूरे कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण था “डेमोक्रेसी एक्सप्रेस”। Darjeeling Himalayan Railway की यह विशेष ट्रेन दार्जिलिंग स्टेशन से चलकर Batasia Loop तक पहुंची। ट्रेन के माध्यम से “हर वोट मूल्यवान है” यह संदेश आम लोगों तक पहुंचाया गया। पहाड़ों के मनमोहक वातावरण में यह चलती-फिरती प्रचार गतिविधि पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बन गई।




