पुलिस को चकमा देकर भागे दो कैदी

एक दबोचा गया, दूसरे की तलाश जारी

-शराब तस्करी मामले में गिरफ्तार हुए थे दोनों आरोपी
भारत पोस्ट संवाददाता
गोपालगंज। बिहार के गोपालगंज में गुरुवार को कोर्ट परिसर के पास पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई। उत्पाद स्पेशल कोर्ट में पेशी के लिए लाए गए दो कैदी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। हालांकि पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से एक कैदी को दौड़ाकर पकड़ लिया गया। जबकि दूसरा फरार होने में सफल रहा। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, कुचायकोट थाना पुलिस ने यूपी से शराब की खेप लेकर आ रहे दो तस्करों को बॉर्डर के समीप एक गांव से गिरफ्तार किया था। दोनों आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेजने की प्रक्रिया चल रही थी। गुरुवार को दोनों आरोपियों को जेल भेजने से पहले उत्पाद स्पेशल कोर्ट में पेश किया गया। इसी दौरान सुरक्षाकर्मियों की चूक का फायदा उठाकर विशंभरपुर थाना क्षेत्र के सलेहपुर गांव निवासी धनी कुंवर ने हथकड़ी से अपना हाथ निकाल लिया और मौके से फरार हो गया।
वहीं दूसरा आरोपी कुचायकोट थाना क्षेत्र निवासी राजा कुमार पांडेय हथकड़ी समेत भागने लगा। भागते हुए उस पर स्थानीय लोगों की नजर पड़ गई। इसके बाद लोगों और पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा किया और मिंज स्टेडियम रोड के पास दौड़ाकर उसे पकड़ लिया। पुलिस की नजर पहले आरोपी पर केंद्रित होने का फायदा उठाकर धनी कुंवर मौनिया चौक की ओर से फरार हो गया। लोगों को उस पर शक नहीं हुआ, जिससे वह आसानी से भीड़ में गायब हो गया। पुलिस अब उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। दिनदहाड़े कोर्ट परिसर के समीप कैदी के फरार होने की घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम को लगाया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button