प्रेमी का शव लेकर प्रेमिका के घर पहुंचे परिजन
-साजिश के तहत सड़क दुर्घटना कराने का आरोप
भारत पोस्ट संवाददाता
सीवान। सीवान जिले के गुठनी थाना क्षेत्र के खापजतौर गांव में बुधवार को एक युवक की मौत के बाद तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। इलाज के दौरान मौत होने पर परिजन शव लेकर युवक की कथित प्रेमिका के घर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन करने लगे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
मृतक की पहचान खापजतौर गांव निवासी रमेश यादव के 24 वर्षीय पुत्र आशुतोष यादव उर्फ गोलू यादव के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार आशुतोष लंबे समय से इलाजरत था और बुधवार को उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण शव लेकर उसकी कथित प्रेमिका के घर पहुंच गए। जहां विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया।
परिजनों का आरोप है कि 8 जनवरी 2025 को तेनुआ मोड़ के पास आशुतोष के साथ साजिश के तहत सड़क दुर्घटना कराई गई थी। उनका दावा है कि दुर्घटना की आड़ में मामले को दबाने की कोशिश की गई। जबकि युवक के साथ मारपीट हुई थी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। परिजनों का यह भी कहना है कि आशुतोष का गांव की ही एक युवती से प्रेम संबंध था। ये आरोप मृतक के परिजनों द्वारा लगाए गए हैं। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और मामले की सच्चाई पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
युवक की मौत के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए. शव को कथित प्रेमिका के घर के सामने रखकर प्रदर्शन किया गया। इससे गांव में तनाव की स्थिति बन गई। स्थिति बिगड़ती देख स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष सुनील कुमार, एसआई निरंजन कुमार, एएसआई रंजीत कुमार और अन्य पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद स्थिति को शांत कराया गया। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।




