नितिन पर अखिलेश का तंज बोले. बीजेपी अध्यक्ष अयोध्या दर्शन करने नहीं जाएंगे?

भारत पोस्ट संवाददाता
लखनऊ। अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे को लेकर चल रही राजनीतिक बहस के बीच बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन दो दिवसीय दौरे पर लखनऊ पहुंचे थे। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नीतीन नवीन के इस दौरे को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर तंज कसते हुए सवाल किया है। अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट में लिखा है कि क्या वह अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन भी करेंगे। हालांकि बीजेपी की ओर से इस टिप्पणी पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है। नितिन नवीन का यह दौरा मुख्य रूप से संगठनात्मक बैठकों और आगामी राजनीतिक रणनीति पर केंद्रित रहा। इस दौरान उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया।
लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम में नितिन नवीन ने विपक्षी दलों, खासकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार कमजोर हो रही है और बीजेपी कार्यकर्ता 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा को राजनीतिक रूप से पराजित करने के लिए पूरी ताकत से काम करेंगे। उन्होंने कहा कि बीजेपी राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए विकास की राजनीति करती है। जबकि विपक्ष पर उन्होंने तुष्टिकरण, परिवारवाद और समाज को बांटने की राजनीति करने का आरोप लगाया।
बीजेपी अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य 2027 के विधानसभा चुनाव में फिर से जीत हासिल करना है और इसके लिए कार्यकर्ताओं को पूरी ऊर्जा के साथ जुटना होगा। नितिन नवीन ने कहा कि बीजेपी सभी वर्गों के विकास और सम्मान की बात करती है तथा ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन की मजबूती के बल पर पार्टी 2027 में भी अच्छा प्रदर्शन करेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button