टुलु मंडल पर कसा पुलिस का शिकंजा

-सिउड़ी स्थित बंगले पर छापेमारी

विशेष संवाददाता
बीरभूम। बीरभूम में करोड़ों रुपये और 15 किलोग्राम सोना बरामद होने के बाद फरार पत्थर कारोबारी टुलु मंडल पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। गुरुवार सुबह सिउड़ी थाना क्षेत्र के सुभाष पल्ली स्थित टुलु मंडल के आलीशान बंगले पर बीरभूम पुलिस ने छापेमारी की। पुलिस की इस कार्रवाई से पूरे जिले में एक बार फिर हड़कंप मच गया।
इससे पहले मोहम्मद बाजार के देउचा बस स्टैंड इलाके में स्थित मीनार मंडल के घर पर करीब 29 घंटे तक चले तलाशी अभियान में पुलिस ने 15 किलोग्राम सोना और लगभग 28.5 करोड़ नकद बरामद किया था। इसके बाद मीनार मंडल को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में नया मोड़ तब आया, जब मीनार मंडल की पत्नी ने दावा किया कि बरामद नकदी और सोना टुलु मंडल का है। इस बयान के बाद पुलिस ने जांच का दायरा और बढ़ा दिया।
इसी कड़ी में गुरुवार को पुलिस ने सिउड़ी स्थित टुलु मंडल के बंगले की घेराबंदी कर तलाशी शुरू की। वहीं मोहम्मद बाजार के पचामी इलाके में स्थित टुलु मंडल के पत्थर क्रशर प्लांट पर भी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अभियान चलाया और प्लांट को बंद करा दिया। फिलहाल टुलु मंडल फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि नकदी, सोने और पूरे आर्थिक नेटवर्क की गहन जांच जारी है तथा मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button