टावर पर चढ़ी महिला, इंसाफ की लगाई गुहार

-सीएम से शिकायत करने लखनऊ पहुंची थी महिला

भारत पोस्ट संवाददाता
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के हजरतगंज स्थित पार्क रोड पर शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया। जब आगरा से आई एक महिला शिकायत लेकर टावर पर चढ़ गई। महिला का आरोप है कि आगरा में पुलिसकर्मियों ने उसके नाबालिग बेटे की पिटाई की। उससे रुपये छीन लिए और मोबाइल भी तोड़ दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया।
पुलिस के अनुसार, महिला की पहचान आगरा कैंट क्षेत्र के श्याम विहार छोटी कॉलोनी निवासी तुलसा के रूप में हुई है। उसने बताया कि वह मुख्यमंत्री से मिलकर अपनी शिकायत दर्ज कराना चाहती थी। उसका कहना है कि आगरा पुलिस ने उसके बेटे के साथ गलत व्यवहार किया और न्याय नहीं मिलने पर वह अपनी बात सीधे मुख्यमंत्री तक पहुंचाने के लिए लखनऊ आई थी।
महिला ने आरोप लगाया कि उसने अपने नाबालिग बच्चों को रेलवे स्टेशन पर सामान लेने भेजा था। इसी दौरान वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने बच्चों पर चोरी का आरोप लगाकर उनकी पिटाई की। दो हजार रुपये छीन लिए और मोबाइल फोन भी तोड़ दिया। महिला का यह भी दावा है कि विरोध करने पर उसे झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही हजरतगंज इंस्पेक्टर विक्रम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फायर विभाग की टीम ने भी राहत अभियान चलाया और काफी देर तक समझाने के बाद महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया। इसके बाद पुलिस ने उससे पूछताछ कर शिकायत का ब्योरा लिया। पुलिस का कहना है कि महिला द्वारा लगाए गए आरोपों और शिकायत की जानकारी संबंधित अधिकारियों को भेजी जाएगी। फिलहाल महिला सुरक्षित है और मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button