समर्पित कांग्रेस जन तय करेंगे आगे की रणनीति, 4 अगस्त को बैठक
अजित प्रसाद/पटना: बिहार कांग्रेस के समर्पित कार्यकर्ताओं और नेताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आगामी 4 अगस्त को अपराह्न 3 बजे आयोजित की जाएगी। इस बैठक में पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने तथा भविष्य की रणनीति पर विस्तार से मंथन किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार यह बैठक बिहार कांग्रेस की समानांतर बैठक के रूप में आयोजित होगी। इसमें प्रदेश में पार्टी की वर्तमान स्थिति, संगठन के समक्ष मौजूद चुनौतियों तथा संगठन को सशक्त बनाने के उपायों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। साथ ही कार्यकर्ताओं और नेताओं के सुझावों के आधार पर आगे की रणनीति भी तय की जाएगी।
बैठक के आयोजकों का कहना है कि वर्तमान परिस्थितियों में संगठन को मजबूत करना और समर्पित कार्यकर्ताओं को एक मंच पर लाना समय की आवश्यकता है। उनका दावा है कि पार्टी के कई पुराने कार्यकर्ता और वरिष्ठ नेता संगठन से दूर हो गए हैं या उन्हें सक्रिय भूमिका नहीं मिल पा रही है। इसी मुद्दे पर भी बैठक में चर्चा होने की संभावना है।
बैठक में कई एआईसीसी सदस्य, प्रदेश पदाधिकारी, पूर्व जिला अध्यक्षों सहित कांग्रेस के अनेक वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना जताई गई है।




