प्रेम वल्लभ पंड्या के निधन से फिल्म, टीवी और संगीत जगत में शोक

नई दिल्ली। हिंदी फिल्म और टेलीविजन जगत से करीब 15 वर्षों तक जुड़े बहुआयामी कलाकार प्रेम वल्लभ पंड्या का हाल ही में निधन हो गया। उनके निधन से फिल्म, टेलीविजन और संगीत जगत में शोक की लहर है। अभिनेता होने के साथ वे सिद्धहस्त तबला और पखावज वादक भी थे।
प्रेम वल्लभ पंड्या ने ‘ऑफिस ऑफिस’, ‘लापतागंज’, ‘चिड़िया घर’, ‘जीजाजी छत पर हैं’, ‘मे आई कम इन मैडम?’, ‘भाबीजी घर पर हैं’ और ‘हप्पू की उलटन पलटन’ जैसे चर्चित धारावाहिकों में अभिनय किया। फिल्मों में भी उन्होंने ‘ओह माय फ्रेंड गणेशा’ और ‘रामा रामा क्या है ड्रामा’ में काम किया।
संगीत के क्षेत्र में उन्होंने दूरदर्शन, आकाशवाणी सहित देश-विदेश के अनेक मंचों पर तबला-पखावज की प्रस्तुतियां दीं और फिल्म संगीत में भी योगदान दिया। वे प्रसिद्ध तबला-पखावज वादक स्वर्गीय पंडित भगवानजी पंड्या के सुपुत्र थे और उन्हें संगीत की समृद्ध विरासत अपने पिता से मिली।
प्रेम वल्लभ पंड्या ने अभिनय और शास्त्रीय संगीत दोनों क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का परिचय देते हुए कला-साधना की एक विशिष्ट मिसाल कायम की। उनके निधन को फिल्म, टेलीविजन और भारतीय संगीत जगत के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। उन्हें कला-जगत ने भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button