प्रधानमंत्री के पिता पर अभद्र टिप्पणी के आरोप में दुर्गापुर में भारतीय जनता मजदूर मंच ने फूंका खड़गे का पुतला

 

*दुर्गापुर, 29 अक्टूबर:* प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर पश्चिम बंगाल में सियासी पारा चढ़ गया है। विरोध में बुधवार को भारतीय जनता मजदूर मंच के कार्यकर्ताओं ने दुर्गापुर में जोरदार प्रदर्शन किया।

यह प्रदर्शन दुर्गापुर के कोक ओवन थाना क्षेत्र के गम्बन ब्रिज पर किया गया। दोपहर में बड़ी संख्या में मजदूर मंच के कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां और कांग्रेस अध्यक्ष के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गम्बन ब्रिज पर इकट्ठा हुए। वहां उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का पुतला दहन किया और कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ जमकर आक्रोश जताया।

प्रदर्शन के बाद संगठन के एक प्रतिनिधिमंडल ने कोक ओवन थाने पहुंचकर इस मामले में औपचारिक रूप से एफआईआर दर्ज करने के लिए आवेदन दिया। कार्यकर्ताओं की मांग है कि कांग्रेस अध्यक्ष के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी को लेकर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और उन्हें तुरंत गिरफ्तार किया जाए।

प्रदर्शन के कारण गम्बन ब्रिज इलाके में कुछ देर के लिए यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई और वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही कोक ओवन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस की तत्परता से कुछ ही देर में यातायात को सुचारू रूप से बहाल कर दिया गया।

इस अवसर पर भारतीय जनता मजदूर मंच के राज्य महासचिव कल्याण दुबे ने कहा, “देश के प्रधानमंत्री के पिता के बारे में इस तरह की अमर्यादित और अभद्र भाषा का प्रयोग करना न केवल निंदनीय है, बल्कि यह देश की राजनीतिक संस्कृति को कलंकित करता है। हम इस तरह की ओछी राजनीति को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे।”

उन्होंने आगे चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक कांग्रेस अध्यक्ष सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते और उन पर कानून सम्मत कार्रवाई नहीं होती, तब तक भारतीय जनता मजदूर मंच का यह विरोध प्रदर्शन पूरे राज्य में जारी रहेगा।

गौरतलब है कि सोशल मीडिया पर खड़गे के कथित बयान का एक वीडियो वायरल होने के बाद से ही भाजपा से जुड़े विभिन्न संगठनों में रोष है। हालांकि कांग्रेस की ओर से अब तक इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। कोक ओवन थाना पुलिस ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि की है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button