जिलाधिकारी ने जन चौपाल के माध्यम से जाना जनमानस का हाल, जनता से सीधा संवादकर समस्याओं के निस्तारण के दिए निर्देश
बलवान सिंह ब्यूरो चीफ बाराबंकी* बाराबंकी पंचायत देवा के वार्ड शेख 1 एवं 2 में जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी द्वारा जन चौपाल का आयोजन किया गया। इस चौपाल के माध्यम से जिलाधिकारी ने क्षेत्रवासियों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, अभावों एवं अपेक्षाओं को जाना।
जन चौपाल में बड़ी संख्या में आम नागरिकों, महिला समूहों, वरिष्ठ जनों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। नागरिकों ने जल निकासी, सड़क मरम्मत, राशन वितरण, पेंशन भुगतान, आवास योजना, साफ-सफाई व्यवस्था इत्यादि से संबंधित शिकायतें एवं सुझाव जिलाधिकारी के समक्ष रखे।
देवाँ नगर पंचायत के वार्ड शेख़ 01 व शेख 02 के निवासीजन श्रीमती नसरीन, श्रीमती सुदामा देवी, श्रीमती अफ़साना बानो श्रीमती बबली, श्रीमती राजकुमारी, श्रीमती मालती देवी, श्रीमती शबीना बानो, श्रीमती मेनका द्वारा आवास उपलब्ध कराने के लिए कहा गया जिस पर उन्होंने ई0ओ0 नगर पंचायत को तत्काल कार्यवाही करने के निर्देश दिये साथ ही कहा कि सभी पात्रों को आवास उपलब्ध कराए जाने हेतु सर्वे किया जा रहा है इस सर्वे के माध्यम से सभी पात्रो को आवास उपलब्ध कराया जाएगा। श्रीमती रजिया ने अवगत कराया कि उनके शौहर बीमार है जिनके इलाज हेतु आयुष्मान कार्ड की आवश्यकता है तथा श्रीमती नसरीन ,सलमा बानो सहित अन्य द्वारा राशन कार्ड में यूनिट बढ़वाने के सम्बंध में अवगत कराया जिस पर उन्होंने पूर्ति विभाग के उपस्थित अधिकारी को तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए। वार्ड के निवासी श्री अनस द्वारा बताया गया कि वार्ड के रास्तों पर लोगो द्वारा अपने घरों के रैम्प निकाल कर अवैध अतिक्रमण किया गया है जिससे आम जन मानस को आने जाने में असुविधा का सामना करना पड़ता है उक्त शिकायत के सम्बंध में उन्होंने ई0ओ0 देवा को अभियान चलाकर सड़क के सम्पूर्ण भाग को अतिक्रमण मुक्त करवाने के निर्देश दिए। इसी प्रकार मो0शकील,मो0 रिजवान व अजय कुमार निगम सहित अन्य निवासी जन द्वारा पीने के पानी की सप्लाई पाइप डालने हेतु खोदी गई सड़को की मरम्मत नही किये जाने का मुद्दा उठाया जिस पर उन्होंने सम्बंधित को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। श्री अफ्फान व अन्य नगर पंचायत वासियो द्वारा वार्डो की साफ सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृण बनाने के लिए कहा गया। सामूहिक रूप से नगर पंचायत वासियों द्वारा देवाँ पी0एच0सी0 में 24 घण्टे आकस्मिक स्वास्थ्य सुविधाये उपलब्ध करवाए जाने हेतु जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराया जिस पर उन्होंने आश्यक कार्यवाही किये जाने का आश्वाशन नगरवासियो को दिया।
जिलाधिकारी ने प्रत्येक समस्या को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और जनहित से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा, “जन चौपाल का उद्देश्य प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, ताकि समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके। हमारा प्रयास है कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे।”
चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी उपस्थित नागरिकों को दी और अपील की कि पात्र लोग इन योजनाओं का लाभ लें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लाभार्थियों की सूची को अद्यतन रखें और वास्तविक लाभार्थियों तक योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर जॉइंट मजिस्ट्रेट आई0ए0एस0 तेजस के०, नगर पंचायत अध्यक्ष, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत देवा, विद्युत, जल निगम, समाज कल्याण, आपूर्ति, एवं अन्य विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।



