जी0आई0सी0 ऑडिटोरियम का निरीक्षण,हरित योग अभियान के तहत जन-जागरूकता पर बल
बलवान सिंह ब्यूरो चीफ बाराबंकी* बाराबंकी : जनपद में आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के सफल, समावेशी और पर्यावरण के अनुकूल आयोजन हेतु जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने आज कलेक्ट्रेट के लोकसभागार में विभागीय अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में सभी विभागों को उनके दायित्व स्पष्ट करते हुए जिलाधिकारी ने आयोजन को भव्य, सुव्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि यह प्रकृति से जुड़ाव और जीवन में संतुलन लाने की भारतीय परंपरा का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि 15 जून से 21 जून तक योग सप्ताह का आयोजन किया जाएगा जिसमें गांव-गांव, स्कूलों, कॉलेजों, सार्वजनिक स्थलों और कार्यालयों में योग प्रशिक्षण शिविर, अभ्यास सत्र और पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे, 21 जून की सुबह जीआईसी ऑडिटोरियम में मुख्य आयोजन होगा, जिसमें मा0 जनप्रतिनिधियों के साथ संगठनों, स्कूली छात्र-छात्राओं, अधिकारियों और नागरिकों की सहभागिता रहेगी। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देशित किया कि योग दिवस को जनआंदोलन के रूप में विकसित करने हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से जनजागरूकता बढ़ाई जाए। उन्होंने विशेष रूप से बच्चों और युवाओं को इस अभियान से जोड़ने का आह्वान किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्री अ0 सुदन, अपर जिलाधिकारी श्री अरुण कुमार सिंह, जॉइंट मजिस्ट्रेट श्री तेजस के0, उपजिलाधिकारी नवाबगंज श्री आनन्द कुमार तिवारी, जिला आयुष अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
डीएम ने स्थलीय निरीक्षण कर आयोजन को सफल बनाने के दिए निर्देश
बैठक के पहले जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी व अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ प्रस्तावित मुख्य आयोजन स्थल राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) ऑडिटोरियम का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मंच, ध्वनि, विद्युत, पानी, बैठने की व्यवस्था, आपातकालीन चिकित्सा, पार्किंग तथा प्रवेश-निकास की व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम की कवरेज व योग करने हेतु आने वाले मीडिया के बन्धुओं के लिए सभी व्यवस्थाएं समुचित रूप से कर ली जाय।




