बच्चों में सृजनात्मकता और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति बढ़ाता है सम्मान: मोनू सिंह
विजडम विद्यापीठ सर्वोदय नगर में राखी मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन
नन्दकिशोर दास
बेगूसराय ब्यूरो। विजडम विद्यापीठ, सर्वोदय नगर में रक्षाबंधन के पावन अवसर पर छात्र-छात्राओं के बीच राखी मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में स्कूल के विभिन्न कक्षाओं के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों में सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उनकी कलात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करना था। प्रतिभागियों ने रंग-बिरंगे धागों, मोतियों और अन्य सजावटी सामग्रियों का उपयोग कर आकर्षक व अनूठी राखियां बनाईं। कार्यक्रम में शिक्षकों और निर्णायकों ने बच्चों की रचनात्मकता और कौशल की सराहना की। विजेताओं को पुरस्कार और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया, जबकि सभी प्रतिभागियों को उनकी सहभागिता के लिए प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किया गया। स्कूल के व्यवस्थापक ने कहा कि “इस तरह के आयोजन बच्चों में सृजनात्मकता और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति सम्मान को बढ़ावा देते हैं। हम भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को जारी रखेंगे।” राखी मेकिंग प्रतियोगिता में जिन बच्चों ने जीत हासिल की, उनमें स्कूल कैप्टन तन्नू प्रिया, आर्या भारती, नैना भारती, दिव्या मिश्रा, लक्ष्मी, नैन्सी, सुहानी, अनिशा, दीपांजलि, तन्नू आदि प्रमुख थी।




