भारत के नागरिक को सूची में करें शामिल कर अयोग्य मतदाताओं को हटाएं: भरत खेड़ा

 

समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभा भवन में विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर विशेष निर्वाचक सूची प्रेक्षक ने की राजनीतिक दलों के साथ बैठक

नन्दकिशोर दास

बेगूसराय ब्यूरो। शनिवार को समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभा भवन में विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली द्वारा नियुक्त विशेष निर्वाचक सूची प्रेक्षक भरत खेड़ा ने राष्ट्रीय एवं राज्यस्तरीय राजनीतिक दलों के साथ बैठक की। बैठक में जिला पदाधिकारी तुषार सिंगला सहित राजनीतिक दलों के अध्यक्ष, सचिव एवं प्रतिनिधि उपस्थित थे। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने विशेष निर्वाचक सूची प्रेक्षक भरत खेड़ा को पुष्पगुच्छ और मोमेंटो से सम्मानित किया। जिला पदाधिकारी ने विशेष प्रेक्षक को जिले में हो रहे विशेष गहन पुनरीक्षण में अब तक किये गये कार्यों से अवगत कराया। श्री खेड़ा ने राजनीतिक दलों को संबोधित करते हुए बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देशय है कि जो भी मतदता भारत के नागरिक हैं, उनका नाम मतदाता सूची में शामिल हो पाए तथा अयोग्य मतदाता का नाम मतदाता सूची से हटाया जाये। उन्होने कहा कि 1 अगस्त को प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद दावा-आपत्ति दाखिल करने की अंतिम तिथि 1/9/2025 है। इसलिए राजनीतिक दलों से उन्होंने छूटे हुए मतदाताओं का प्रपत्र 6 के साथ आवश्यक दस्तावेज संलग्न कर प्रखंडों में लगे कैंप में जमा करने की अपील की। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य में सुझाव एवं फीडबैक प्राप्त किया एवं उन्हें आवश्यक जानकारी दी। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रत्येक गतिविधि के संबंध में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी द्वारा लगातार सूचनाएं साझा की जा रही है। जिससे सभी पक्षों को अद्यतन जानकारी मिल रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button