बांग्लादेश की अशांत स्थिति के बीच टाकी सीमा पर कड़ी निगरानी, इछामती नदी में नौका विहार कर रहे पर्यटकों को किया गया सतर्क

 

अजित प्रसाद, विशेष संवाददाता, उत्तर 24 परगना (पश्चिम बंगाल): पड़ोसी देश बांग्लादेश की मौजूदा अशांत और तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए भारत–बांग्लादेश सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। उत्तर 24 परगना जिले के बसीरहाट महकमा अंतर्गत टाकी अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र में बीएसएफ और जिला प्रशासन की ओर से निगरानी और सतर्कता बढ़ा दी गई है। इसी बीच बड़े दिन (25 दिसंबर) से पहले टाकी पर्यटन केंद्र में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है।
रविवार सुबह से ही राज्य के साथ-साथ अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में पर्यटक टाकी पहुंचे। इछामती नदी के राजबाड़ी घाट, घोष बाबू घाट समेत कई घाटों से पर्यटक नौका विहार के लिए रवाना होते नजर आए। पर्यटक तीन नदियों के संगम और तथाकथित ‘जीरो पॉइंट’ की ओर भी जा रहे हैं, जो भारत–बांग्लादेश सीमा के बेहद करीब स्थित है।
सुबह के समय घने कोहरे का असर जरूर देखा गया, लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ा, वैसे-वैसे इछामती नदी में नौका विहार करने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ती गई। क्रिसमस से पहले छुट्टियों का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में सैलानी यहां पहुंचे हैं।
पर्यटकों की भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और बीएसएफ ने सीमा क्षेत्र और सुंदरबन से सटे नदी इलाकों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। नौका चालकों और पर्यटकों को सीमा नियमों का पालन करने और सतर्क रहने की सलाह दी गई है, ताकि सुरक्षा में किसी प्रकार की चूक न हो।
बांग्लादेश की स्थिति के मद्देनजर प्रशासन किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहता, वहीं पर्यटन को सुरक्षित रखने के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button