घोषणा: आज से भूख हड़ताल पर बैठेगी सनहा पश्चिम पंचायत की मुखिया पूनम देवी
मंदिर की जमीन पर हो रहे अवैध निर्माण के विरोध में लिया फैसला
नन्दकिशोर दास
बेगूसराय ब्यूरो। जनहित से जुड़े मुद्दों पर सदैव मुखरित होकर पंचायत के ज्वलंत मुद्दों पर संघर्षशील रहने वाली साहेबपुर कमाल प्रखंड के सनहा पश्चिम पंचायत की मुखिया पूनम देवी ने गुरुवार से प्रखंड मुख्यालय में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठने की घोषणा की है। मुखिया ने प्रखंड विकास पदाधिकारी रवि सिन्हा को प्रेषित आवेदन में अंचलाधिकारी साहेबपुर कमाल के पत्रांक-1168, दिनांक 10/10/22, अपर समाहर्ता बेगूसराय के पत्रांक-146, दिनांक 16/1/23, अनुमंडल पदाधिकारी बलिया के पत्रांक-335, दिनांक 113/23 और भूमि सुधार उप समाहर्ता बलिया के ज्ञापांक-156 दिनांक 3/4/23 का हवाला देते हुए जमाबंदी संख्या-51, खाता 346, खेसरा 3563, तौजी-781 रकवा-5 कट्ठा 14 धुर, थाना नंबर-625 मौजे-सनहा के साक्ष्य के रूप में प्रसंग पत्र की छायाप्रति भी उपलब्ध कराया है। मुखिया ने बताया कि उक्त जमीन को गोपाल झा पूर्व मुखिया सनहा पुराना के द्वारा फर्जी दस्तावेज बनाकर, दस्तावेज संख्या-5464, दिनांक 3/6/1987 को रामचन्द्र महतो, पिता स्व. सुंदर महतो के हाथों बेच दिया था। जिसका खाता-346, खेसरा-3563, रकवा 19 कट्ठा 10 धुर है। इसकी जमाबंदी संख्या-70 है, जो अवैध है। इसलिए इसे रद्द किया जाए। मुखिया ने बताया कि जमाबंदी रद्दीकरण वाद अंचलाधिकारी साहेबपुर कमाल के यहां लंबित है। बावजूद भू-माफिया से साठ-गांठ कर उपरोक्त खाते-खेसरे की मंदिर की जमीन पर अवैध निर्माण कार्य जारी है। मुखिया ने बताया कि इस अवैध निर्माण कार्य से पंचायत के लोगों में घोर आक्रोश व्याप्त है। इसलिए उक्त जमाबंदी के रद्दीकरण और अवैध निर्माण पर रोक लगाने की मांग को लेकर उन्होंने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठने का फैसला किया है।




