आर्य समाज ने मनाया महर्षि दयानंद सरस्वती का बलिदान दिवस !
भारत पोस्ट ब्यूरो कोटपुतली- आर्य समाज कोटपुतली के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने आर्य समाज वैदिक आश्रम खरकड़ी में महर्षि दयानंद सरस्वती का 141वां बलिदान दिवस श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया। इस अवसर पर विशेष हवन का आयोजन किया गया, जिसमें आर्य समाज के मंत्री रमेश कुमार ने यज्ञ करवाया।
कार्यक्रम में पूर्व प्रधान रामकुमार सैनी ने महर्षि दयानंद के जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि गुलामी काल की विकट परिस्थितियों के बावजूद महर्षि दयानंद ने सनातन संस्कृति को जागृत रखने का महान कार्य किया। उन्होंने वेदों का भाष्य किया और सत्य-असत्य, न्याय-अन्याय, धर्म-अधर्म को समझने में तर्क का मार्ग प्रशस्त किया जिससे समाज रूढ़िवाद और पाखंडवाद से दूर हो सके। दुर्भाग्यवश महर्षि दयानंद को उनके जीवनकाल में 17 बार विष देने का प्रयास किया गया और अंततः दीपावली के दिन उन्हें विष देकर इस महान आत्मा का अंत कर दिया गया।
इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने हवन में आहुति देकर महर्षि दयानंद को श्रद्धांजलि अर्पित की। जगदीश आर्य ने महर्षि दयानंद की जीवनी पर आधारित भजन प्रस्तुत किया। आर्य समाज के प्रधान डॉ. हरीश कुमार ने शारदीय नव सृष्टि यज्ञ एवं दीपोत्सव की बधाई देते हुए सभी के सुख-शांति की कामना की। कार्यक्रम में जयराम आर्य, नितेश आर्य, अशोक आर्य, चंद्रशेखर, आर्यन अर्णव, हर्ष वर्मा, बंशीधर समेत कई लोग उपस्थित रहे।




