अभिषेक बनर्जी की सभा से पहले टीएमसी में ‘गृहयुद्ध’, टिकट न मिलने पर समर्थकों ने जमकर भांजी कुर्सियां  

 

नौदा (मुर्शिदाबाद) : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए मुर्शिदाबाद के नौदा में आयोजित तृणमूल कांग्रेस की हाई-प्रोफाइल जनसभा से ठीक पहले भारी हंगामा और हिंसा देखने को मिली। पार्टी के अखिल भारतीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के मंच पर पहुँचने से कुछ देर पहले ही कार्यकर्ताओं के दो गुट आपस में भिड़ गए, जिससे पूरी जनसभा में अफरा-तफरी मच गई।हंगामे की मुख्य वजह नौदा विधानसभा सीट से टिकट वितरण को लेकर उपजा असंतोष बताया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, तृणमूल के ब्लॉक अध्यक्ष शफीउज्जमां शेख के समर्थकों ने टिकट न मिलने पर अपना विरोध दर्ज कराया। गौरतलब है कि इस बार पार्टी ने नौदा से शाहिना मुमताज को अपना आधिकारिक उम्मीदवार बनाया है, जिससे ब्लॉक अध्यक्ष का खेमा खासा नाराज चल रहा है।
अभिषेक बनर्जी के आने की तैयारियों के बीच शफीउज्जमां शेख के अनुयायियों ने अचानक रैली निकाल कर मंच के सामने प्रवेश किया। देखते ही देखते विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गया. उग्र समर्थकों ने एक-दूसरे पर कुर्सियां फेंकी और सभा स्थल पर रखी सैकड़ों कुर्सियों को तोड़ दिया। हंगामे के बीच सफेद टी-शर्ट पहने एक युवक मंच के ठीक सामने जमीन पर बैठकर विरोध प्रदर्शन करने लगा, जो चर्चा का विषय बना रहा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मंच पर मौजूद नेता लगातार माइक से शांति बनाए रखने और कुर्सियों को व्यवस्थित करने की अपील करते रहे, लेकिन प्रदर्शनकारियों पर इसका कोई खास असर नहीं दिखा।अभिषेक बनर्जी के आने से ठीक पहले हुए इस ‘तांडव’ ने पार्टी की आंतरिक एकता और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि स्थानीय नेतृत्व ने कुर्सियों को फिर से ठीक करने और कार्यक्रम को सुचारू रूप से चलाने की कोशिश की, लेकिन इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button