डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी रिसर्च फाउंडेशन में भव्य वॉल म्यूरल का अनावरण, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने की चित्रकार महेश वैष्णव की प्रशंसा
नई दिल्ली, जून। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी रिसर्च फाउंडेशन के नए कार्यालय, 9 अशोका रोड, नई दिल्ली में आयोजित एक भव्य समारोह के दौरान भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने फाउंडेशन के मुख्य द्वार पर स्थापित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के भव्य वॉल म्यूरल (3डी पोट्रेट) का विधिवत अनावरण किया। यह कलाकृति विश्व विख्यात चित्रकार महेश वैष्णव द्वारा तैयार की गई है।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण, महायज्ञ एवं हवन के साथ हुआ। इसके पश्चात राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने माल्यार्पण एवं राष्ट्रभक्ति के जयघोष के बीच डॉ. मुखर्जी के वॉल म्यूरल का अनावरण किया। इस अवसर पर फाउंडेशन के निदेशक विनय सिंह, सचिव पी.के. सतपथी, महेन्द्र पाण्ड्या, सांसद मनोज तिवारी, पूर्व केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने चित्रकार महेश वैष्णव की कला की सराहना करते हुए कहा कि यह केवल एक चित्र नहीं, बल्कि राष्ट्रवाद और भारतीय सांस्कृतिक चेतना की सशक्त अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि महेश वैष्णव अपनी कला के माध्यम से भारत की सनातन संस्कृति एवं राष्ट्रीय विचारों को वैश्विक मंच तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं और ऐसे कलाकार राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं।
ज्ञात हो कि महेश वैष्णव अपनी विशिष्ट ‘गोधन कला’ के लिए देश-विदेश में प्रसिद्ध हैं। वे शुद्ध गोबर (गोधन) और आधुनिक 3डी तकनीक के समन्वय से कलाकृतियां तैयार करते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित अनेक राष्ट्रीय नेताओं एवं धार्मिक विषयों पर उनकी कलाकृतियां व्यापक चर्चा का विषय रही हैं। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का यह भव्य वॉल म्यूरल लगभग दो माह के सतत परिश्रम और साधना के बाद तैयार किया गया।
इस अवसर पर महेश वैष्णव ने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएं दीं तथा गोधन कला से निर्मित एक विशेष 3डी पेंटिंग उपहार स्वरूप प्रदान की। इस कलाकृति में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं नितिन नवीन का कलात्मक चित्रण किया गया है। पर्यावरण-अनुकूल सामग्री और आधुनिक तकनीक के अनूठे संयोजन को देखकर उपस्थित सभी अतिथियों ने कलाकार की रचनात्मकता की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।
अपने संबोधन में महेश वैष्णव ने कहा कि उनके लिए यह अवसर जीवन के सबसे गौरवपूर्ण क्षणों में से एक है। उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी रिसर्च फाउंडेशन के निदेशक विनय सिंह का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके विश्वास और सहयोग के कारण उन्हें राष्ट्रनायक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जैसी महान विभूति को अपनी कला के माध्यम से श्रद्धांजलि अर्पित करने का अवसर प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक चेतना और कला के अद्भुत संगम का साक्षी बना, जिसमें उपस्थित जनसमूह ने इस ऐतिहासिक पहल की सराहना की।
