घोजाडांगा सीमा पर BSF-BGB ने मनाया स्वतंत्रता दिवस, मिठाई खिलाकर दी शुभकामनाएं
बशीरहाट, 15 अगस्त: भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्तर 24 परगना जिले के बशीरहाट महकमे की घोजाडांगा सीमा पर भारत और बांग्लादेश के सीमा सुरक्षा बलों के बीच सौहार्द और भाईचारे की अनूठी तस्वीर देखने को मिली। सीमा के जीरो प्वाइंट पर भारतीय सीमा सुरक्षा बल (BSF) और बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) के जवानों एवं अधिकारियों ने एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और मिठाई खिलाकर खुशी साझा की।
घोजाडांगा एशिया के प्रमुख स्थल बंदरगाहों में शामिल है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर घोजाडांगा स्थित BSF कैंप में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। कार्यक्रम में स्कूल के छात्र-छात्राओं, सीमा क्षेत्र के व्यवसायियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों सहित कई लोग मौजूद रहे। पूरे इलाके में स्वतंत्रता दिवस को लेकर उत्साह का माहौल रहा।
कार्यक्रम के बाद BSF की 102वीं बटालियन के अधिकारियों और जवानों ने जीरो प्वाइंट पर बांग्लादेश सीमा की सुरक्षा में तैनात BGB के अधिकारियों एवं जवानों से मुलाकात की। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान अधिकारियों ने आपस में गर्मजोशी से मुलाकात कर भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया।
सीमा पर दोनों देशों के सुरक्षा बलों के बीच इस तरह का मैत्रीपूर्ण आदान-प्रदान स्थानीय लोगों और व्यापारियों के लिए भी आकर्षण का केंद्र रहा। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर जीरो प्वाइंट पर दिखी यह तस्वीर भारत-बांग्लादेश के बीच बेहतर संबंध, आपसी सहयोग और सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति एवं सौहार्द का संदेश देती नजर आई।




