नेताजी के अपमान के विरोध में कोलकाता में कांग्रेस का प्रदर्शन
# बौबाजार से प्रेसिडेंसी विश्वविद्यालय तक निकली ‘नेताजी सम्मान सत्याग्रह’ पदयात्रा
**कोलकाता।** नेताजी सुभाष चंद्र बोस को लेकर की गई कथित विवादित टिप्पणी के विरोध में कांग्रेस ने शुक्रवार को कोलकाता की सड़कों पर ‘नेताजी सम्मान सत्याग्रह’ आयोजित किया। पश्चिम बंगाल INTUC सेवा दल की अगुवाई में निकाली गई विरोध पदयात्रा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ आम नागरिकों से भी शामिल होने की अपील की गई।
पदयात्रा की शुरुआत बौबाजार क्रॉसिंग से हुई और कॉलेज स्ट्रीट होते हुए ऐतिहासिक प्रेसिडेंसी विश्वविद्यालय तक पहुंची। आयोजकों के अनुसार, यह इलाका नेताजी और देश के स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास से गहराई से जुड़ा हुआ है। इसी कारण विरोध प्रदर्शन के लिए इस ऐतिहासिक मार्ग का चयन किया गया।
कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर नेताजी के नाम का राजनीतिक इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि पश्चिम बंगाल में राजनीतिक जमीन मजबूत करने के लिए भाजपा ने नेताजी के नाम और विरासत का इस्तेमाल किया, लेकिन अब उसी पार्टी के नेताओं की ओर से उनके प्रति कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणियां की जा रही हैं।
INTUC सेवा दल, पश्चिम बंगाल के अध्यक्ष प्रमोद पांडे ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस देश का स्वाभिमान हैं। स्वतंत्रता संग्राम में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले नेताजी के बारे में अमर्यादित टिप्पणी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि यह पदयात्रा केवल कांग्रेस या INTUC की राजनीतिक लड़ाई नहीं है, बल्कि देश के हर नागरिक के आत्मसम्मान से जुड़ा मुद्दा है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नेताजी किसी एक राजनीतिक दल की संपत्ति नहीं, बल्कि पूरे देश के स्वतंत्रता संग्राम के महानायक हैं। उन्होंने लोगों से दलगत राजनीति से ऊपर उठकर नेताजी के सम्मान की रक्षा के लिए आगे आने की अपील की।




