एसआईआर प्रपत्र में विसंगति पर आयोग का नोटिस
-सॉफ्टवेयर करेगा प्रपत्रों की पांच पैमानों पर छंटनी
भारत पोस्ट संवाददाता
देहरादून। अगर आपने चुनाव आयोग का एसआईआर प्रपत्र भर दिया है तो भी आपको नोटिस आ सकता है। आयोग ऐसे करीब 18 लाख मतदाताओं का प्रपत्र में विसंगति के आधार पर नोटिस भेजने की तैयारी में है। इन नोटिस के हिसाब से मतदाताओं को अपने जवाब प्रमाण के साथ रखने होंगे।
एसआईआर के दौरान मतदाताओं की मैपिंग में कुछ तकनीकी विसंगतियां सामने आई हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने इन त्रुटियों को स्पष्ट करते हुए इनके पांच प्रमुख कारणों की जानकारी दी है। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि सॉफ्टवेयर अभी सभी एसआईआर प्रपत्रों की पांच पैमानों पर छंटनी कर रहा है।
छंटनी के बाद जो छोटी त्रुटियां होंगी, उनको छोड़ दिया जाएगा। अगर बड़ी विसंगतियां होंगी तो उन्हें नोटिस जारी होगा। नोटिस का जवाब देने के लिए सात से 10 दिन का समय दिया जाएगा। जवाब के साथ मतदाता को प्रमाण के तौर पर दस्तावेज भी दिखाने होंगे।
नोटिस पर सुनवाई की प्रक्रिया के लिए भी मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने बड़ी तैयारी की है। डॉ. जोगदंडे ने बताया कि सभी को सीधे ईआरओ यानी एसडीएम कार्यालय जाने की जरूरत नहीं होगी। हर आठ से 10 मतदान केंद्रों पर एक एईआरओ तैनात किया जाएगा, जो वहीं सुनवाई करेगा। उन्होंने बताया कि मतदाताओं को परेशानी न हो, इसके लिए एक ईआरओ के साथ कई एईआरओ की टीम लगाई गई है।




