लक्खी अमृत महोत्सव में सिमरिया से गंगाजल भरकर डिप्टी सीएम के साथ श्रद्धालु पहुचेंगे अशोक धाम

 

नन्दकिशोर दास

बेगूसराय ब्यूरो। बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा अनंत चतुर्दशी के अवसर पर लखीसराय में आयोजित हो रहे ‘लक्खी अमृत महोत्सव’ में उदघाटन कर्ता के तौर पर शिरकत करेंगे। इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि मशहूर गायक, अभिनेता और लोकसभा सांसद मनोज तिवारी भी शामिल होंगे। उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि लक्खी अमृत महोत्सव पर क्षेत्र के सनातन में विश्वास करने वाले लोग बड़ी संख्या में सिमरिया धाम में एकत्रित होकर जल भरेंगे। सिमरिया धाम कल्पवास का प्राचीन स्थान तो है ही, साथ ही मगध, अंग और मिथिला की ‘सांस्कृतिक त्रिवेणी’ पर अवस्थित है। वहां से जल भरकर श्रद्धालु दुखहरण बाबा स्थान हाथीदह पहुंच कर संकल्प लेंगे। हाथीदह से समूहबद्ध श्रद्धालु अशोक धाम (इन्द्रदमनेश्वर महादेव) मंदिर पहुंच कर भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। समुद्र मंथन से निकले विष के ताप के शमन के निमित्त महादेव का रुद्राभिषेक भी किया जाएगा। शाम में लखीसराय में भव्य महाआरती के साथ के के. आर.के मैदान में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा। इस कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध गायक, अभिनेता एवं लोकसभा सांसद मनोज तिवारी मुख्य आकर्षण के केंद्र होंगे। महोत्सव की पूर्व संध्या पर उन्होंने कहा कि समुद्र मंथन के बाद क्षीरसागर से माता लक्ष्मी के प्रादुर्भाव का प्रतीक पर्व है। इस क्षेत्र का नामकरण माता लक्ष्मी के नाम पर ही ‘लक्खीसराय’ हुआ था। जो कालांतर में अपभ्रंशित होकर लखीसराय हो गया। यह पर्व उस विरासत के सम्मान का उत्सव भी है। श्री सिन्हा ने कहा कि अनंत चतुर्दशी के पावन अवसर पर आयोजित इस महोत्सव में लखीसराय के लोग विरासत के साथ विकास के प्रधानमंत्री के संकल्प में अपनी भागीदारी करेंगे। आज हमारा राज्य समुद्र मंथन जैसी स्थिति में खड़ा है। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में अमृत और विष का विभेद किया जा चुका है। अब हम सभी बिहार के लोग सबके संतुष्टिकरण और सशक्तिकरण जरिए विकसित और गौरवशाली बिहार बनाने की राह तय करें। इसी संकल्प का संदेश ‘लक्खी अमृत महोत्सव’ के आयोजन के माध्यम से दिया जा रहा है। हम सभी बिहारवासी अपनी भक्ति, शक्ति और युक्ति से आरजकता और आंतक फैलाने वाली आसुरी शक्तियों को पहचान कर उससे मुक्ति सुनिश्चित करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button