नई मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन में 20,77,388 निर्वाचकों का नाम प्रकाशित: डीएम
167756 निर्वाचकों का गणना प्रपत्र अप्राप्त रहने के कारण मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सका नाम
नन्दकिशोर दास
बेगूसराय ब्यूरो। शुक्रवार को बेगूसराय जिला में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी बेगूसराय तुषार सिंगला की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभा भवन में विशेष गहन पुनरीक्षण 2025 के अंतर्गत प्रकाशित मतदाता सूची प्रारूप को लेकर मान्याताप्राप्त राष्ट्रीय/राज्यस्तरीय राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की।
जिसमें सभी राजनीतिक दलों के अध्यक्ष/सचिव/प्रतिनिधि को जिला निर्वाचन पदाधिकारी के द्वारा प्रारूप मतदाता सूची एवं अप्राप्त गणना प्रपत्र की सूची उपलब्ध करायी गई।बैठक में उप विकास आयुक्त, सहायक समाहर्ता, अपर समाहर्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी, सभी सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी अवर निर्वाचन पदाधिकारी सहित सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय पार्टी के जिला स्तरीय अध्यक्ष एवं सचिव उपस्थित थे। जिला पदाधिकारी ने प्रारूप प्रकाशन एवं दावा-आपत्ति संबंधित दिशा निर्देशों से राजनीतिक दलों को अवगत कराया गया। उन्हें बताया गया कि विशेष गहन पुनरीक्षण 2025 अंतर्गत फोटोयुक्त प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। यह प्रारूप मतदाता सूची जिले के सभी सात विधानसभा के विनिर्दिष्ट स्थलों, सूचनापट्ट एवं सभी 2537 मतदान केन्द्रों पर बीएलओ के द्वारा प्रकाशन किया गया है। प्रारूप मतदाता सूची आनलाइन पोर्टल पर उपलब्ध रहेगी। एसआईआर-2025 अंतर्गत 01.07.2025 के आधार पर बेगूसराय जिला में कुल 22,45,144 निर्वाचक मतदाता सूची में शामिल थे। 01.08.2025 के प्रारूप प्रकाशन में 20,77,388 निर्वाचकों का नाम प्रकाशित किया गया है। शेष 167756 निर्वाचकों का गणना प्रपत्र अप्राप्त रहने के कारण मतदाता सूची में नाम नहीं शामिल हो सका। सभी राजनीतिक दलों के अध्यक्ष/सचिव/प्रतिनिधियों को जिला निर्वाचन पदाधिकारी के द्वारा प्रारूप प्रकाशित मतदाता सूची की हार्ड प्रति, सॉफ्ट प्रति एवं अप्राप्त गणना प्रपत्र की सूची प्रदान किया। बैठक में राजनीतिक दलों को मतदान केंद्र की सूची उपलब्ध करायी गई। साथ ही उनसे अपील की गई कि वे अपने स्तर या अपने बूथ लेवल एजेंट के द्वारा इन अप्राप्त गणना प्रपत्रों को प्राप्त करने में सहयोग प्रदान करें।

