एआई कोर्स के नाम पर धोखाधड़ी में तीन पर प्राथमिकी दर्ज
भारत पोस्ट संवाददाता
हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में रहने वाले एक युवक ने एआई कोर्स के नाम पर धोखाधड़ी के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मुंबई स्थित मेरिटोरियम नॉलेज अकादमी के निदेशक जयंत रामटेके, सहायक अक्षय मटके और प्रशिक्षक प्रतीक मंधारे के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मुकुंद निवासी मेहतान ज्वालापुर ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि एक दिसंबर 2025 को संस्थान ने 13 दिसंबर से कोर्स शुरू कराने, 27 वर्ष के अनुभवी शिक्षकों, सप्ताह में तीन कक्षाओं, गारंटेड इंटर्नशिप और प्लेसमेंट का भरोसा दिया। इसके बाद उनसे 20 हजार अग्रिम शुल्क जमा कराया। कोर्स करीब दो माह की देरी से शुरू हुआ, वादा किए गए शिक्षकों के बजाय दूसरे प्रशिक्षक को पढ़ाने के लिए लगाया गया। आरोप है कि एआई कोर्स में बिना सहमति पावर बीआई कोर्स जोड़ दिया गया। आरोप है कि रकम वापस मांगने पर संस्थान ने टालमटोल की। उसे व्हाट्सएप ग्रुप से हटा दिया। ऑनलाइन सेवाएं भी बंद कर दीं। सीओ संजय चौहान का कहना है कि तहरीर के आधार पर रविवार देर शाम इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। जांच की जा रही है।



