‘सरकार आपके द्वार’ जन कल्याण समाधान शिविर आयोजित1
बीपी न्यूज
नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के त्रिलोकपुरी विधानसभा क्षेत्र में सरकार आपके द्वार, संकल्प को पूरा करने के उद्देश्य से आज से तीन दिनों तक अलग-अलग स्थानों पर जन कल्याण समाधान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। क्षेत्रीय विधायक रविकांत उज्जैनवाल ने लोगों से अपील की कि शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी समस्याओं के समाधान के लिए लाभ उठाएं।
विधायक रविकांत ने त्रिलोकपुरीवासियों से अपील की कि शिविर में सरकार की 35 विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी प्राप्त करें और एक ही छत के नीचे समाधान पाएं। उन्होंने कहा कि शिविर में सभी विभागों से संबंधित अधिकारी मौजूद रहेंगे और आपकी समस्याओं का निस्तारण करेंगे।
उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय निवासियों को वृद्धा, विधवा और दिव्यांग पेंशन से संबंधित शिकायत अक्सर रहती है जिसके निदान के लिए शिविर का आयोजन किया गया है। श्री रविकांत ने कहा कि इस शिविर में राशन कार्ड, ई-श्रम कार्ड और पिंक कार्ड, पीएम स्वनिधि व आयुष्मान कार्ड, आधार पंजीकरण व अपडेट, हाउस टैक्स आदि से संबंधित समयाओं के समाधान के लिए अधिकारी मार्गदर्शन करेंगे।
शिविर 18 जून से 20 जून तक चलेगा। आज राजकीय सर्वोदय बाल विद्यालय, 20 ब्लॉक त्रिलोकपुरी में आयोजित किया गया जिसमें लोगों ने बढ़चढ़ कर भाग लिया। शिविर में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक समस्याओं का निदान किया जाएगा।

