कोलकाता में शुभेंदु अधिकारी और अमित शाह का मेगा रोड शो,
नामांकन दाखिल करने सर्वे बिल्डिंग रवाना
अजित प्रसाद, कोलकाता : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के नामांकन के पहले दिन आज कोलकाता की सड़कों पर भारी राजनीतिक सरगर्मी देखी जा रही है। भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एक विशाल जुलूस के साथ नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए अलीपुर स्थित ‘सर्वे बिल्डिंग’ जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह कार्यक्रम दक्षिण कोलकाता के महत्वपूर्ण हजरा मोड़ से शुरू हुआ है। यहाँ से शुभेंदु अधिकारी और अमित शाह का काफिला गोपालनगर रोड होते हुए अलीपुर सर्वे बिल्डिंग की ओर बढ़ रहा है। रास्ते में भारी संख्या में समर्थकों की भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
केंद्रीय गृह मंत्री की उपस्थिति के कारण पूरे रूट पर एसपीजी (SPG) और स्थानीय पुलिस की भारी तैनाती की गई है।
हजरा मोड़, आशुतोष मुखर्जी रोड और गोपालनगर इलाके में यातायात को सीमित किया गया है ताकि नामांकन प्रक्रिया में कोई बाधा न आए।
चुनाव आयोग के नियमों के मुताबिक, सर्वे बिल्डिंग (नामांकन केंद्र) के 100 मीटर के दायरे में धारा 144 लागू कर दी गई है।
आज से ही दूसरे चरण के लिए नामांकन की प्रक्रिया शुरू हुई है। राज्य की हाई-प्रोफाइल सीटों पर इस तरह के बड़े नेताओं के नामांकन से बंगाल चुनाव का सियासी पारा पूरी तरह चढ़ गया है।

