वोटर अधिकार यात्रा केवल यात्रा नहीं, बल्कि जनांदोलन: भाकपा (माले)
भारत पोस्ट बेगूसराय ब्यूरो। भाकपा (माले) नेता सह खेग्रामस के जिला सचिव चन्द्रदेव वर्मा, किसान महासभा के जिलाध्यक्ष नवल किशोर, ज्ञान विज्ञान समिति के संतोष कुमार महतो और शशि ने मुंगेर से लौटने के बाद कहा कि वोटर अधिकार यात्रा आज केवल यात्रा नहीं, बल्कि जनांदोलन में तब्दील हो चुकी है। नेताओं ने बताया कि यह आंदोलन बिहार में बड़े बदलाव का आहट है। वोटिंग अधिकार पर एसआईआर के बहाने किए जा रहे हमले ने आम जनमानस को उद्वेलित कर दिया है। इसी के खिलाफ हर तबका मजदूर, किसान, छात्र, युवा, मेहनतकश महिलाएं, स्कीम वर्कर्स और वंचित समुदाय एकजुट होकर सड़कों पर उतर आया है। लोगों का गुस्सा और आक्रोश अब “वोट चोर गद्दी छोड़” के नारे में बदल चुका है। नेताओं ने कहा कि यह आंदोलन लोकतंत्र की जड़ों को मजबूत करने की दिशा में निर्णायक मोड़ साबित होगा। जिस तरह से शासन-प्रशासन जनता के बुनियादी अधिकार वोट देने का हक को दबाने की कोशिश कर रहा है, वह न केवल असंवैधानिक है बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा हमला है। उन्होंने कहा कि वोटर अधिकार यात्रा ने गांव-गांव और शहर-शहर में नए राजनीतिक चेतना का संचार किया है। जनता का विश्वास लोकतंत्र और अपनी ताकत पर गहराया है। आने वाले दिनों में यह आंदोलन और तेज होगा तथा सत्ता में बैठे वोट चोरों को जवाबदेह बनाकर रहेगा। भाकपा (माले) के नेताओं ने जनता से अपील की कि वे बड़ी संख्या में इस आंदोलन में शामिल होकर लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा करें और बिहार में बदलाव की इस ऐतिहासिक लड़ाई को मुकाम तक पहुंचाएं।




