पानी की बूंद-बूंद को तरसता मोल्थी ग्राम पंचायत
-जगह-जगह दरक रहा पौड़ी गढ़वाल का पहाड़
कृषाणु दास
पौड़ी गढ़वाल। पौड़ी गढ़वाल जिलार्न्तगत एकेश्वर ब्लॉक स्थित मोल्थी ग्राम पंचायत के ननदोली गांव में आज तक बुनियादी समस्याओं का निदान नहीं हो पाया है। ननदोली गांव की कुल आबादी मात्र 108 है। प्रशासन का इस पंचायत पर कोई ध्यान नहीं है। मात्र 108 लोगों की समस्याओं का सरकार द्वारा समाधान नहीं किया गया है।
इस गांव की प्रधान श्रीमती कांती देवी निर्वाचित हुई हैं जो फकत नाम की हैं। जबकि ग्राम विकास की हर गतिविधियों का संचालन प्रधान पति सोनी करता है। बिडम्वना है कि महिला को आरक्षण के आधार पर निर्वाचित कर तो लिया जाता है, लेकिन ग्राम विकास पर प्रधान पति का फरमान चलता है, महिला प्रधान केवल कागज पर दस्तखत तक सीमित रहती हैं। बगैर ग्राम पति प्रधान की मर्जी के कोई सरकारी विकास कार्य को अंजाम नहीं दिया जाता है।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, मोल्थी ग्राम पंचायत के ननदोली गांव में पानी की विकट समस्या है। पहाड़ की उंचाई पर कंक्रीट का पानी टैंक प्रशासन द्वारा ग्राम प्रधान की देखरेख में बनवाया गया था, जो चंद दिनों में ही क्षतिग्रस्त हो गया और पानी बहकर गंदे नाले में जाता है। इस पर ग्राम प्रधान का कई बार ध्यान दिलाया गया, लेकिन ग्राम प्रधान ने पानी की समस्या को संज्ञान में कभी नहीं लिया। परिणाम आज भी इस पंचायत के लोग गर्मी में पानी के लिए तरस रहे हैं। वहीं पहाड़ जगह-जगह दरक रहा है। कभी भी अनहोनी घटना से इंकार नहीं किया जा सकता।
पौड़ी गढ़वाल के लोगों की सबसे बड़ी समस्या यह है कि जो जनप्रतिनिधि चुने जाते हैं, आगे चलकर प्रशासनिक भ्रष्टाचार का हिस्सा बन जाते हैं। उसे स्थानीय लोगों की समस्याओं से कोई लेना-देना नहीं रह जाता है। सरकार द्वारा जो भी विकास की योजनाएं आती हैं उसका जो भी धन राशि आबंटित होती हैं उसे प्रशासनिक अधिकारी और ग्राम प्रधान आपस में बंदरबांट कर लेते हैं, समस्या ज्यों की त्यों धड़ी रह जाती है। ग्रामवासियों ने उत्तराखंड सरकार और प्रशासन के आला अधिकारियों से मांग की है कि मोल्थी ग्राम पंचायत की समस्याओं का त्वरित निदान किया जाए।



