एनजेपी स्टेशन के पुनर्निर्माण की प्रगति की समीक्षा करने पहुंचे सांसद राजू बिस्ता – मार्च 2026 तक पूरी होंगी यात्री सुविधाएँ

अजित प्रसाद / सिलीगुड़ी : न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन अब नये साज–सज्जा के साथ आधुनिक स्वरूप लेने जा रहा है। इसी बड़े पुनर्निर्माण परियोजना की प्रगति की समीक्षा करने दार्जिलिंग के सांसद राजू बिस्ता आज दोपहर 12 बजे एनजेपी स्टेशन पहुंचे। उन्होंने स्टेशन परिसर के विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया और नव–नियुक्त डीआरएम सहित कई रेल अधिकारियों के साथ चर्चा किया।
निरीक्षण के बाद सांसद ने बताया कि पूरे काम का लगभग 50 प्रतिशत पूरा हो चुका है। यात्रियों की सुविधा, आधुनिक ढांचा और स्टेशन का सर्वांगीण विकास—सभी कार्य निर्धारित गति से आगे बढ़ रहे हैं। राजू बिस्ता ने उम्मीद जताई कि 2026 के मार्च माह तक सभी प्रमुख यात्री सुविधाएँ जनता के लिए तैयार हो जाएँगी।
हालांकि परियोजना के एक महत्वपूर्ण हिस्से—नये प्लेटफॉर्म निर्माण—का काम मार्च 2027 तक पूरा होने की संभावना है। 475 करोड़ रुपये की इस विशाल परियोजना के पूरा होने के बाद एनजेपी स्टेशन अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से लैस होगा, ऐसा रेल अधिकारियों का अनुमान।
सांसद ने यह भी बताया कि एनजेपी में डीएचआर (दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे) के लिए एक आधुनिक भवन तैयार किया जा रहा है, जो दार्जिलिंग पर्यटन को भी नई दिशा देगा।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन के आसपास की खराब सड़कों की मरम्मत जल्द शुरू करने का आग्रह किया। इस पर रेल अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि सड़क सुधार का काम तुरंत शुरू किया जाएगा ताकि आम लोगों को असुविधा न हो।
इस कार्यक्रम में सहयोग के लिए सांसद राजू बिस्ता ने सभी सरकारी अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और पुलिस प्रशासन को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, “इतनी बड़ी परियोजना को सफल बनाने के लिए सभी का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। नागरिकों की सुविधा हमारी पहली प्राथमिकता है।”
नवीन स्वरूप की ओर तेजी से बढ़ रहे उत्तर बंगाल के सबसे व्यस्त रेलवे स्टेशनों में से एक—एनजेपी—को और अधिक आधुनिक बनाने की दिशा में यह निरीक्षण अहम कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button