अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर कानपुर के ग्रीन पार्क में लोगों ने बड़ी संख्या में किया योगाभ्यास

 

सुनील बाजपेई
कानपुर। आज यहां रविवार को ग्रीन पार्क स्टेडियम में 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस मौके पर आर्ट ऑफ लिविंग के प्रशिक्षकों के निर्देशन में प्रतिभागियों ने वीरभद्रासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, चक्रासन, दंडासन, पद्मासन, वज्रासन, शलभासन, भुजंगासन, विपरीत शलभासन, नौकासन, पवनमुक्तासन, सेतुबंधासन और शवासन सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया। इसके साथ ही कपालभाति, अनुलोम-विलोम तथा भ्रामरी प्राणायाम भी कराया गया।
स्वस्थ आयु के लिए योग” थीम पर इस कार्यक्रम में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता करते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया। कार्यक्रम में सांसद रमेश अवस्थी, विधायक ,सुरेंद्र मैथानी, विधायक श्रीमती सरोज कुरील, एमएलसी अरुण पाठक, जनपद के नोडल अधिकारी एस. सुंदरम एम.के., पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल, जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, संयुक्त पुलिस आयुक्त संकल्प शर्मा, संयुक्त पुलिस आयुक्त विपिन टाडा, नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. कप्तान सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि राकेश सचान ने कहा कि योग शरीर, मन और आत्मा के एकीकरण का माध्यम है। और आज दुनिया के अधिकांश देश इसे अपना रहे हैं। सांसद श्री रमेश अवस्थी ने कहा कि योग को भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा की अमूल्य धरोहर है और यह पूरे विश्व को स्वस्थ जीवन का संदेश दे रहा है। जिलाधिकारी श्री जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में बदलती जीवनशैली और बढ़ते तनाव के बीच योग स्वस्थ जीवन का प्रभावी माध्यम है। कार्यक्रम के दौरान योग सप्ताह के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित भी किया गया। योगासन प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए आयुषी रावत, अंश कुमार सविता, मालती सचान, नविका सिंह चौहान, मिहिका सचान, देवशी द्विवेदी एवं अनन्या राजपूत को प्रशस्ति-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम का संचालन राजेश कुमार ने किया।कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को वन विभाग द्वारा “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत विभिन्न प्रजातियों के पौधों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, युवाओं, स्वयंसेवी संगठनों, योग प्रशिक्षकों तथा आम नागरिकों ने सहभागिता करते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button