बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित !
कोटपूतली-
निकटवर्ती ग्राम अमाई की राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में मंगलवार को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत माहवारी स्वास्थ्य एवं स्वच्छता प्रबंधन तथा एनीमिया विषय पर ब्लॉक स्तरीय एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में महिला अधिकारिता विभाग की ब्लॉक सुपरवाइजर किरण धुवा ने उड़ान योजना पर विस्तार से चर्चा करते हुए बताया कि माहवारी युवावस्था के दौरान होने वाले शारीरिक परिवर्तनों की एक सामान्य प्रक्रिया है। उन्होंने माहवारी से जुड़े सामाजिक मिथकों का खंडन कर जागरूकता फैलाने पर जोर दिया।
इस अवसर पर सेनेटरी नैपकिन के उपयोग का महत्व समझाते हुए स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया गया। स्थानीय विद्यालय की व्याख्याता सुनीता रानी ने किशोरावस्था में पोषण शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला और समझाया कि पोषण की कमी माहवारी को किस प्रकार प्रभावित कर सकती है।
राष्ट्रीय पोषण मिशन के ब्लॉक कोऑर्डिनेटर मनोज कुमार शर्मा ने एनीमिया से होने वाले दुष्प्रभावों, आयरन की कमी और अत्यधिक रक्तस्राव के कारणों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सही पोषण और समय पर स्वास्थ्य देखभाल से एनीमिया की समस्या से बचा जा सकता है।
इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग की वरिष्ठ सहायक नैना देवी, विद्यालय की वरिष्ठ अध्यापिका परमेश्वरी देवी, पंचायत शिक्षिका लाजवंती अग्रवाल सहित कई छात्राएं और किशोर बालिकाएं मौजूद रहीं।




