केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू को पुलिस ने रोका
-धरने पर बैठने के बाद जाने दिया गया मोगा
भारत पोस्ट संवाददाता
मोगा। मोगा के सदर थाने में आठ जुलाई को ग्रेनेड से हमला हुआ था। आज केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू और मोगा बीजेपी के सीनियर लीडर जब थाना सदर मौके का जायजा लेने पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें बीच रास्ते रोक लिया। इस दौरान पुलिस और केंद्रीय मंत्री के बीच काफी देर तक तीखी बहस हुई।
बाद में बिट्टू अपने साथियों के साथ सड़क पर धरने पर बैठ गए। बातचीत के बाद अंततः पुलिस ने उन्हें आगे जाने की अनुमति दे दी। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था और सुरक्षा के मद्देनज़र सड़क पर बैरिकेडिंग कर रास्ते को पूरी तरह बंद कर दिया गया था। काफी समय बाद पुलिस ने रास्ता खोल दिया जिसके बाद बिट्टू अपने साथियों के साथ थाना सदर पहुंचे और मोगा एसएसपी के साथ बातचीत की।
इस दौरान बिट्टू ने पंजाब सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भगवंत मान बीजेपी से क्यों डरते हैं? उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में कानून.व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब है। उन्होंने कहा कि राज्य में अब तक 22 बम ब्लास्ट हो चुके हैं, लेकिन किसी भी मामले में आरोपियों को पकड़ा नहीं जा सका है।
बिट्टू ने आगे कहा कि जब उन्होंने पंजाब के मुद्दों को लेकर आवाज उठाई, तो उन्हें ही रोक दिया गया। उन्होंने कहा कि पूरे जिले की पुलिस उन्हें रोकने में लगी रही, लेकिन जो घटनाएं हो रही हैं, उन्हें सुलझाने की ओर पुलिस का ध्यान नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि पिछले दिन पंजाब पुलिस के एक एएसआई की गोली मारकर हत्या कर दी गई, लेकिन पुलिस अब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है।
उन्होंने कहा कि हम यहां पंजाब की जनता के लिए आए हैं। अगर थानों पर हमले हो रहे हैं, तो आम जनता खुद को कैसे सुरक्षित महसूस करेगी? उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस अब गैंगस्टरों के खिलाफ कार्रवाई करने से डरती है।
बिट्टू ने कहा कि पंजाब के माहौल को खराब करने की साजिश रची जा रही है, जिसमें पाकिस्तान में बैठे गैंगस्टर शहजाद भट्टी और पन्नू जैसे लोगों का नाम आ रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि पुलिस इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई क्यों नहीं कर रही। उन्होंने आगे कहा कि कुछ फिल्में भी पंजाब के माहौल को बिगाड़ने की कोशिश कर रही हैं।




