दर्दनाक हादसा: होटल के कमरे में अंगीठी जलाकर सोए पांच लोगों की मौत

कुरुक्षेत्र।
हरियाणा के कुरुक्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां होटल के एक बंद कमरे में कोयले की अंगीठी से निकले जहरीले धुएं के कारण पांच लोगों की दम घुटने से मौत हो गई। मृतकों में उत्तर प्रदेश के चार मजदूर और एक ठेकेदार शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार सभी मृतक सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रहने वाले थे और जिला जेल के पास स्थित एक होटल में ठहरे हुए थे। वे कुरुक्षेत्र में पेंटिंग का काम करने आए थे। ठंड से बचने के लिए उन्होंने रात में कमरे के अंदर कोयले की अंगीठी जलाई और सो गए।
मंगलवार सुबह काफी देर तक कमरा बंद रहने पर होटल कर्मचारियों को शक हुआ। कर्मचारियों ने दरवाजा खटखटाकर उन्हें जगाने की कोशिश की, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद होटल प्रबंधन और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस द्वारा दरवाजा खोले जाने पर कमरे के अंदर सभी पांचों व्यक्ति बेहोशी की हालत में पाए गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
थाना प्रभारी दिनेश राणा ने बताया कि कमरे के अंदर कोयले की अंगीठी मिली है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि अंगीठी से निकली जहरीली गैस (कार्बन मोनोऑक्साइड) के कारण दम घुटने से उनकी मौत हुई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों की पुष्टि की जाएगी और उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button