सौरव दास.उमर खालिद की तस्वीर से फिर छिड़ा विवाद आंदोलन की आड़ में साजिश : पूर्व केंद्रीय मंत्री
-देश तोड़ने की विचारधारा वालों से रहें सावधान
भारत पोस्ट संवाददाता
नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी ;सीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सौरव दास का जेएनयू के पूर्व छात्र नेता उमर खालिद के साथ एक पुराना सोशल मीडिया पोस्ट फिर चर्चा में है। इसी तस्वीर को साझा करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने सीजेपी और छात्र आंदोलन पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि छात्र और उनके अभिभावक समझें कि आंदोलन का नेतृत्व कौन कर रहा है और उनकी सोच क्या है।
राजीव चंद्रशेखर ने सोशल मीडिया पर लिखा कि असली छात्रों और उनके अभिभावकों को यह तय करना होगा कि वे किन लोगों के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि भारत को बांटने और कमजोर करने की सोच रखने वाले लोग युवाओं का भविष्य तय नहीं कर सकते। राजीव चंद्रशेखर ने कहा कि छात्र आंदोलन की आड़ में हिंसा और उपद्रव करने वाले समूहों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। देश की संप्रभुता और लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने की कोशिश करने वाली ताकतों का विरोध करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।
राजीव चंद्रशेखर का यह बयान ऐसे समय आया है, जब हाल के दिनों में पेपर लीक के विरोध में जंतर.मंतर और दिल्ली के अन्य हिस्सों में छात्र प्रदर्शन हुए। इन प्रदर्शनों का नेतृत्व सीजेपी कर रही थी। इसी दौरान सौरव दास का उमर खालिद के साथ पुराना पोस्ट फिर सामने आया, जिसके बाद राजीव चंद्रशेखर ने इसे साझा करते हुए सवाल उठा, कि क्या छात्र अपना भविष्य ऐसे लोगों के हाथों में सौंपना चाहते हैं, जिनकी विचारधारा पर सवाल उठते रहे हैं।
राजीव चंद्रशेखर ने जिस पोस्ट को साझा किया, उसमें सीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सौरव दास जेएनयू के पूर्व छात्र नेता उमर खालिद के साथ दिखाई दे रहे हैं। यह तस्वीर सौरव दास की पुरानी सोशल मीडिया पोस्ट की है। उस पोस्ट में उन्होंने उमर खालिद को सबसे बहादुर बताते हुए उनके प्रति गहरा सम्मान जताया था। उमर खालिद 2020 के उत्तर.पूर्वी दिल्ली दंगों से जुड़े मामले में न्यायिक हिरासत में हैं और उनके खिलाफ मुकदमे की सुनवाई जारी है।


