बाराबंकी: रात के सन्नाटे में शॉर्ट सर्किट ने मचाई तबाही, ग्रामीण का घर राख, तीन मवेशियों की जिंदा जलकर मौत
बलवान सिंह ब्यूरो चीफ बाराबंकी* भीषण गर्मी के बीच बाराबंकी जिले के टिकैतनगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत फतापुर कला गांव में बुधवार की रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब अचानक एक घर में शॉर्ट सर्किट से आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते गांव में हड़कंप मच गया। लोग अपने-अपने घरों से बाल्टियां लेकर दौड़ पड़े, लेकिन तब तक एक ग्रामीण का सब कुछ स्वाहा हो चुका था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव निवासी अमर बहादुर सिंह के घर में बिजली के शॉर्ट सर्किट से आग लगी। घर छप्पर नुमा होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। छप्पर के नीचे बंधे तीन मवेशी भी आग की चपेट में आ गए बताया जा रहा है कि उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया। अमर बहादुर आग बुझाने के प्रयास में झुलस भी गए। आग की लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीण मौके पर जुटे और स्वयं पानी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश करने लगे।
ग्रामीणों ने तत्काल बिजली विभाग को फोन किया लेकिन विभागीय कर्मचारी का मोबाइल बंद मिला। फायर ब्रिगेड को कॉल करने की भी कोशिश की गई लेकिन नंबर नहीं मिल सका। आखिरकार ग्रामीणों ने टिकैतनगर कोतवाली पुलिस को सूचना दी। गांव में आग लगने की जानकारी होते ही थानाध्यक्ष रत्नेश कुमार पांडे फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और बिजली विभाग से संपर्क कर गांव की विद्युत आपूर्ति तत्काल कटवाई। इसके बाद पुलिस कर्मियों और ग्रामीणों ने मिलकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस हादसे में अमर बहादुर को लाखों रुपये का नुकसान बताया जा रहा है



