शुभेंदु अधिकारी का विस्फोटक दावा “हिंदुओं की जनसंख्या कम करने की हो रही साजिश, सेवाश्रम की गोलियां न खाएं”
अजित प्रसाद,नंदीग्राम ,पश्चिम बंगाल : पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम में एक विरोध सभा के दौरान राज्य सरकार की ‘सेवाश्रम’ पहल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शुभेंदु ने दावा किया कि इन स्वास्थ्य शिविरों में दी जाने वाली दवाओं में गर्भनिरोधक (Birth Control) गोलियां मिलाई जा रही हैं ताकि हिंदुओं की जन्म दर को नियंत्रित किया जा सके। शुभेंदु ने जनता को सतर्क करते हुए कहा, “सेवाश्रम की गोलियां मत खाइए, उनके भीतर गर्भनिरोधक दवाएं हो सकती हैं। इसके जरिए हिंदुओं के परिवार नियोजन की कोशिश की जा रही है।” उन्होंने लोगों से इन शिविरों में रक्तदान न करने की भी अपील की। ‘भाईपो’ (भतीजे) का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, “चुनाव से पहले वे नंदीग्राम आ रहे हैं। वे जितनी बार यहाँ आए हैं, उतनी बार हारे हैं। वे दावा कर रहे हैं कि सेवाश्रम के जरिए आधुनिक सेवाएं दी जा रही हैं, जबकि स्थानीय स्वास्थ्य केंद्रों की हालत बदहाल है।” यह सभा नंदीग्राम में एक भाजपा कार्यकर्ता, गौरांग घड़ा की गिरफ्तारी और पुलिस द्वारा महिलाओं पर किए गए कथित अत्याचार के विरोध में आयोजित की गई थी। शुभेंदु ने आरोप लगाया कि गिरफ्तारी के दौरान पुलिस के साथ ‘सिविक वॉलंटियर्स’ ने भी छापेमारी की, जो नियमों के खिलाफ है।उन्होंने घोषणा की कि गिरफ्तार कार्यकर्ता की पत्नी ने एससी (SC) कमीशन में शिकायत दर्ज कराई है और अदालत खुलते ही वे इस मामले को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे भाजपा कार्यकर्ता की जमानत कराएंगे। शुभेंदु के इस बयान के बाद नंदीग्राम और पूरे बंगाल की राजनीति में तूफान आ गया है। तृणमूल कांग्रेस ने इन आरोपों को “निराधार और सांप्रदायिक ध्रुवीकरण की कोशिश” करार दिया है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह के बयानों से सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति लोगों में अनावश्यक डर पैदा हो सकता है।

