सारण के 4000 परिवारों तक पहुंचेगी सौर ऊर्जा

– 1278 करोड़ की योजनाओं का शुभारंभ, मिली बड़ी सौगात
-2.5 लाख घरों की छतों पर लगेंगे सोलर प्लांट
भारत पोस्ट संवददाता
पटना । बिहार में ऊर्जा क्षेत्र को नई ऊंचाई देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। राजधानी पटना में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 1278 करोड़ रुपये की विभिन्न ऊर्जा परियोजनाओं का कार्यारंभ, उद्घाटन और लोकार्पण किया। इस दौरान प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत 1512 करोड़ रुपये की लागत से 2.5 लाख कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के घरों पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने की योजना का भी शुभारंभ किया गया। सारण जिले को भी कई महत्वपूर्ण विद्युत परियोजनाओं की सौगात मिली है।
राजधानी पटना में आयोजित भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ऊर्जा अवसंरचना को मजबूत बनाने और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण किया। राज्य सरकार का लक्ष्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बेहतर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ.साथ स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देना है।
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत 1512 करोड़ रुपये की लागत से राज्य के 2.5 लाख कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के घरों की छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किए जाएंगे। इस योजना से गरीब परिवारों को सस्ती और स्वच्छ बिजली उपलब्ध होगी तथा उनके बिजली खर्च में भी कमी आएगी। राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सभी जिला मुख्यालयों में किया गया। छपरा में आयोजित कार्यक्रम में सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव, विद्युत विभाग के अधिकारियों तथा कुटीर ज्योति योजना के लाभार्थियों ने भाग लिया और योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत सारण जिले के लगभग 4,000 कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं को लाभान्वित किया जाएगा। पात्र परिवारों के घरों की छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाए जाएंगे। जिससे उन्हें बिजली बिल में राहत मिलेगी और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ा कदम साबित होगा। ऊर्जा क्षेत्र में किए जा रहे इन बड़े निवेशों और परियोजनाओं से बिहार की विद्युत अवसंरचना को नई मजबूती मिलेगी। सरकार का मानना है कि इन योजनाओं के माध्यम से न केवल बिजली आपूर्ति बेहतर होगी। बल्कि हरित ऊर्जा के क्षेत्र में भी राज्य तेजी से आगे बढ़ेगा। आने वाले वर्षों में इसका सीधा लाभ लाखों उपभोक्ताओं को मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button