प्रथम चरण के मतदान के लिए तैयार दक्षिण दिनाजपुर, 83 कंपनी केंद्रीय बल तैनात, DCRC में आखिरी दौर की तैयारी
बालूरघाट (दक्षिण दिनाजपुर)/ : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण के मतदान के लिए अब कुछ ही घंटों का समय शेष है। कल होने वाले इस लोकतांत्रिक महापर्व को लेकर दक्षिण दिनाजपुर जिले के बालूरघाट कॉलेज स्थित DCRC (डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर और रिसीविंग सेंटर) पर आज दिन भर भारी सरगर्मी और चुनाव कर्मियों की व्यस्तता देखी गई।
प्रशासनिक व्यवस्था और मतदान केंद्रजिला चुनाव विभाग के अनुसार, जिले की छह विधानसभा सीटों के लिए दो DCRC केंद्र स्थापित किए गए हैं:बालूरघाट कॉलेज: यहाँ से तपन, कुमारगंज, बालूरघाट और गंगारामपुर विधानसभा क्षेत्रों के लिए मतदान सामग्री का वितरण किया जा रहा है।बुनियादपुर कॉलेज: यहाँ से कुशमंडी और हरिरामपुर विधानसभा क्षेत्रों की चुनावी जिम्मेदारी संभाली जा रही है।जिले में कुल मतदाताओं की संख्या लगभग 11 लाख 60 हजार है। चुनाव संपन्न कराने के लिए कुल 1,398 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 55 ‘ऑक्सिलरी’ (अतिरिक्त) बूथ भी शामिल हैं।सुरक्षा का कड़ा घेरामतदान को पूरी तरह भयमुक्त और शांतिपूर्ण बनाने के लिए जिले में 83 कंपनी केंद्रीय अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है। केंद्रीय बलों के अलावा जिला पुलिस के लगभग 2,000 जवान भी सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभालेंगे। चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से चलाने के लिए लगभग साढ़े सात हजार चुनाव कर्मियों को तैनात किया गया है। सुलभ और पारदर्शी चुनाव की तैयारीबुधवार सुबह से ही बालूरघाट कॉलेज केंद्र पर चुनाव कर्मी अपनी ईवीएम (EVM), वीवीपैट (VVPAT) और अन्य जरूरी किट प्राप्त कर अपने निर्धारित बूथों की ओर रवाना होने लगे हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मतदान की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए हर बूथ पर वेब-कास्टिंग की व्यवस्था होगी। साथ ही माइक्रो ऑब्जर्वर और सेक्टर ऑफिसर हर गतिविधि पर पैनी नजर रखेंगे।जिला प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से अपने मताधिकार का प्रयोग करें।



