सर्दी की शुरुआत में पर्यटकों के कैमरे में कैद हुआ सुंदरबन का ‘दक्षिण राय’ — रॉयल बंगाल टाइगर के दर्शन से रोमांचित सैलानी

 

अजित प्रसाद / सुंदरबन, पश्चिम बंगाल सर्दियों की शुरुआत के साथ ही सुंदरबन एक बार फिर पर्यटकों से गुलजार हो उठा है। हर साल की तरह इस बार भी देश-विदेश से हजारों सैलानी मैंग्रोव के जंगलों की अद्भुत सुंदरता और रहस्यमयी माहौल का आनंद लेने के लिए यहां पहुंचे हैं। लेकिन इस बार उनके लिए बोनस साबित हुआ — दक्षिण राय, यानी सुंदरबन का मशहूर रॉयल बंगाल टाइगर।

आमतौर पर टूरिस्टों को बाघ के दर्शन भाग्य से ही मिलते हैं। लेकिन इस बार रविवार को कैखाली घाट के पास विशालक्षी खाल के किनारे कुछ पर्यटक जब जंगल का नज़ारा देख रहे थे, तभी एक अप्रत्याशित दृश्य ने सबको रोमांचित कर दिया।

एक पर्यटक ने झाड़ियों के बीच अचानक बाघ को देखा और स्तब्ध रह गया। कुछ सेकंड बाद उसने दबे स्वर में अपने साथियों से कहा, “बाघ… बाघ!” पहले तो साथियों ने सोचा, वह मजाक कर रहा है, लेकिन जब सबकी नज़रें उसी दिशा में गईं, तो वे भी खुशी और उत्साह से झूम उठे।

लॉन्च (नाव) पर सवार लगभग 20 पर्यटकों ने उस पल को अपने कैमरों में कैद कर लिया। बताया गया कि वे शुक्रवार को सुंदरबन के लिए रवाना हुए थे और रविवार को लौटते वक्त यह रोमांचक नज़ारा देखा।

स्थानीय वन विभाग के सूत्रों के मुताबिक, बाघ कुछ देर तक खाल के किनारे दिखा और फिर जंगल की ओर वापस चला गया। पर्यटकों के इस अनुभव की तस्वीरें और वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

स्थानीय लांच मालिकों का कहना है, “सर्दियों में हर साल पर्यटकों की भीड़ बढ़ती है, लेकिन इस बार बाघ दिखने की खबर से पर्यटकों का आकर्षण और भी बढ़ेगा।”

पर्यटन कारोबारियों को उम्मीद है कि आने वाले कुछ महीनों में सुंदरबन में पर्यटकों की संख्या में काफी वृद्धि होगी, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button