स्वस्थ नारी चेतना अभियान का शुभारंभ: कैंसर जागरूकता और स्क्रीनिंग पर जोर !
भारत पोस्ट ब्यूरो , कोटपूतली-बहरोड़- नेशनल कैंसर अवेयरनेस डे के अवसर पर जिले में “स्वस्थ नारी चेतना अभियान” का शुभारंभ किया गया है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य राज्य के समस्त ग्राम पंचायतों में 30 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को ब्रेस्ट और सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूक करना और उनकी स्क्रीनिंग करना है। यह अभियान 7 नवंबर से 10 जनवरी 2025 तक चलेगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशिष सिंह शेखावत ने बताया कि राजस्थान में कैंसर से होने वाली मृत्यु दर में तेजी से वृद्धि हो रही है। डब्ल्यूएचओ एनसीडी कंट्री प्रोफाइल-2014 के अनुसार गैर-संचारी रोगों के कारण 60% से अधिक मृत्यु होती हैं। इनमें हृदय रोग, क्रोनिक श्वसन रोग, कैंसर और मधुमेह मुख्य कारण हैं। राज्य में सबसे अधिक होने वाले कैंसरों में ऑरल, ब्रेस्ट और सर्वाइकल कैंसर शामिल हैं और प्रत्येक छठी मृत्यु का कारण कैंसर बनता है। इस अभियान के तहत कैंसर की प्रारंभिक पहचान कर उचित उपचार उपलब्ध कराकर मृत्यु दर को कम किया जा सकेगा।
डीएनओ रविकांत जांगिड़ ने बताया कि इस द्वि-मासिक अभियान का उद्देश्य जागरूकता बढ़ाकर महिलाओं को कैंसर की रोकथाम, उपचार और जटिलताओं के प्रति सजग बनाना है। अभियान के दौरान 10% से अधिक महिलाओं को ब्रेस्ट और सर्वाइकल कैंसर की जानकारी और उपचार के लिए प्रेरित किया जाएगा। यह पहल न केवल जागरूकता फैलाएगी बल्कि एनपी-एनसीडी कार्यक्रम को भी मजबूती प्रदान करेगी। इसके साथ ही अभियान की रिपोर्टिंग एनसीडी पोर्टल पर की जाएगी जिससे इसकी नियमित निगरानी संभव होगी।
यह अभियान नारी शक्ति को सशक्त बनाने और उन्हें कैंसर के जोखिम से बचाने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। राज्य सरकार का यह प्रयास भारत के 2030 के एसडीजी लक्ष्य को हासिल करने के लिए उठाया गया एक बड़ा कदम है जिसमें कैंसर से होने वाली मृत्यु दर को एक-तिहाई तक कम करना शामिल है।



