” *बाली-पत्थर माफियाओं की लूट ही डुआर्स में तबाही की असली वजह” — तृणमूल नेता के भाई पर शुभेंदु अधिकारी का सीधा आरोप*
अजित प्रसाद /डुआर्स, जलपाईगुड़ी, पश्चिम बंगाल :
पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने डुआर्स क्षेत्र में आई हालिया बाढ़ और भूस्खलन को लेकर तृणमूल कांग्रेस के नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
गुरुवार को जलग्रस्त जलपाईगुड़ी जिले के डुआर्स के कई इलाकों का दौरा करते हुए शुभेंदु अधिकारी ने दावा किया कि “नदियों से अवैध रूप से बालू और पत्थर उठाने के कारण ही डुआर्स में यह आपदा आई है।”
शुभेंदु अधिकारी ने इस संकट के लिए जिले की तृণमूल कांग्रेस जिला सभानेत्री के भाई को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि नदी की धाराएं कमजोर होने के पीछे मुख्य कारण जेसीबी से अवैध खनन है, जिससे नदी के किनारे कट गए और लोगों के घर बह गए।
पत्रकारों को संबोधित करते हुए बोले उन्होंने कहा “आप लोग खुद बताइए, पहले एक ट्रक बालू की कीमत 4,500 रुपये थी, अब 12,000 रुपये हो गई है। ये बदलाव आप लोग अपनी रोजमर्रा की ज़िंदगी में महसूस नहीं करते क्या?”
उन्होंने कहा कि केंद्रीय पर्यावरण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के नियमों को ताक पर रखकर, नदियों के बीच में जेसीबी मशीनें उतारकर माफिया बालू और पत्थर निकाल रहे हैं।
शुभेंदु ने सवाल किया “अगर ये अवैध खनन बंद होता, तो आज इतने बड़े पैमाने पर तबाही नहीं होती।”
उन्होंने यह भी कहा कि इस पूरे माफिया तंत्र को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है और इसके चलते ही सरकार की आपदा प्रबंधन और पुनर्वास की नाकामी भी उजागर हो गई है।
डुआर्स में आई इस प्राकृतिक आपदा को लेकर अब राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप और भी तेज़ होने की संभावना है।

