नाट्य कार्यशाला में दिया जाएगा अभिनय, मंच शिल्प तथा मंच प्रबंधन का प्रशिक्षण: श्याम कुमार सहनी
राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय रंगमंडल नई दिल्ली के 60वें वर्ष पूर्ण होने पर हीरक जयंती नाट्य समारोह का होगा आयोजन
नन्दकिशोर दास
बेगूसराय ब्यूरो। राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय रंगमंडल नई दिल्ली के 60वें वर्ष पूर्ण होने पर पटना, बेगूसराय, मोतिहारी (पूर्वी चम्पारण) पूर्णिया, रामनगर (पश्चिम चम्पारण) में हीरक जयंती नाट्य समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में बेगूसराय के प्रसिद्ध दिनकर कला भवन में 24 से 26 सितंबर तक प्रतिदिन संध्या 6.30 बजे से रंगमंडल के कलाकारों के द्वारा तीन नाटकों की प्रस्तुति की जायेगी। कला संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार सरकार एवं जिला प्रशासन बेगूसराय तथा राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय रंगमण्डल, नई दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 3 दिवसीय नाट्य समारोह में बेगूसराय के नाट्य प्रेमियों को सुप्रसिद्ध निर्देशकों द्वारा निर्देशित विभिन्न नाटकों को देखने का अवसर प्राप्त होगा। 24 सितंबर को माई री मैं का से कहूँ, लेखक-विजय दान देथा, निर्देशक-अजय कुमार, 25 सितंबर को बंद गली का आख़िरी मकान लेखक-धर्मवीर भारती निर्देशक-देवेंद्र राज अंकुर 26 सितंबर को बाबूजी लेखक-मिथिलेश्वर निर्देशक-राजेश सिंह के अतिरिक्त 24-26 सितंबर को दिन में दिनकर कला भवन परिसर में ही नवोदित कलाकारों के प्रशिक्षण के लिए नाट्य कार्यशाला का आयोजन भी किया जाएगा। जानकारी देते हुए जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्याम कुमार सहनी में बताया कि नाट्य कार्यशाला में राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के प्रशिक्षकों के द्वारा अभिनय, मंच शिल्प तथा मंच प्रबंधन का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। कार्यशाला में प्रशिक्षण के लिए इच्छुक कलाकार समाहरणालय बेगूसराय स्थित जिला कला संस्कृति कार्यालय में अपना पंजीकरण करा सकते है।



