आज बृहस्पतिवार, 16 जुलाई 2026 को नोएडा में इस्कॉन द्वारा भव्य भगवान् जगन्नाथ रथयात्रा का आयोजन किया गया। रथयात्रा के लिए इस्कॉन नोएडा के इंजीनियर भक्तों द्वारा लगभग 50 फुट ऊँचा विशेष रथ तैयार किया गया था। उन्नत तकनीक से युक्त रथ की ऊँचाई को आवश्यकतानुसार ऊँचा अथवा नीचा किया जा सकता था। विभिन्न प्रकार के फूलों से सुसज्जित रथ पर विराजमान भगवान जगन्नाथ उनके भाई बलदेव एवं बहन सुभद्रा अत्यन्त सुन्दर दिख रहे थे।
रथयात्रा का प्रारम्भ भगवान की आरती उतारकर तथा नारियल फोड़कर किया गया। रथयात्रा से पूर्व भगवान को 56 भोग अर्पित किए गए। क्योंकि वे सम्पूर्ण जगत के नाथ जगन्नाथ हैं अतः उन्हें देशी विदेशी सभी प्रकार के सात्विक भोग अर्पित किए गए। जैसे ही रथयात्रा आरम्भ हुई पूरा वातावरण जय जगन्नाथ के उद्घोष से गूँज उठा। अनेकों कीर्तन मंडलियों एवं रंग बिरंगे बैनर से सुसज्जित रथयात्रा ने लगभग आधा किलोमीटर लम्बे जुलूस का रूप धारण कर लिया। सभी भक्त आनन्दपूर्वक हरे कृष्ण महामन्त्र का कीर्तन एवं नृत्य करते हुए चल रहे थे।
भगवान जगन्नाथ को अत्यन्त कृपालु अवतार के रूप में स्वीकार किया गया है क्योंकि वे ही एकमात्र ऐसे भगवान हैं जो अपने भक्तों पर कृपा करने के लिए उन्हें अपने दर्शन देने हेतु उनके बीच सड़कों पर प्रकट हो जाते हैं।
संस्कृति, आस्था और धर्म की प्रतीक जगन्नाथ रथयात्रा सांय 4 बजे सेक्टर 18 स्थित गुरुद्वारे से प्रारम्भ हुई तथा मेट्रो स्टेशन सेक्टर 18, अट्टा मार्केट, सब मॉल चौक, डी एम चौक, सेक्टर 20, 21, 25, 26 चौक, अडोब चौक होते हुए इस्कॉन नोएडा मन्दिर पर इसका समापन हुआ। इस बीच जगह जगह पर भगवान जगन्नाथ का रंगोली बनाकर स्वागत किया गया और रथयात्रा में भाग लेने वाले भक्तों को खूब प्रसाद वितरित किया गया। जगन्नाथ रथयात्रा एक पारम्परिक, प्राचीन एवं विशाल हिन्दू उत्सव है। यह जगन्नाथ रथयात्रा वैदिक साहित्य में वर्णित विधि एवं तिथि के अनुसार उसी दिन मनाया गया जिस दिन पुरी में विश्व विख्यात रथयात्रा मनाई गई। रथयात्रा में गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉक्टर महेश शर्मा एवं विधायक श्रीमान पंकज सिंह प्रमुख अतिथि रहे। इसके अतिरिक्त
इस्कॉन के संस्थापकाचार्य श्रील प्रभुपाद के निजी शिष्य परम पूज्य लोकनाथ स्वामी महाराज जी एवं उनके अमरीकी शिष्य परम पूज्य श्री कृष्ण चैतन्य स्वामी महाराज जी ने विशेष रूप से मधुर कीर्तन किया।
रथ यात्रा के समापन पर सांय 7 बजे इस्कॉन नोएडा मन्दिर में सभी को डिनर प्रसाद वितरित किया गया। ज्ञात हो कि इस वर्ष इस्कॉन अपने स्थापना के 60 वर्ष पूर्ण कर रहा है। इस उपलक्ष्य में इस बार आयोजित होने वाली रथ यात्रा में अमेरिका, कनाडा, रूस, फ्रांस एवं ऑस्ट्रेलिया इत्यादि देशों से कईं भक्तों के सम्मिलित हुए। पूरे रास्ते में देश विदेश के लगभग 6000 भक्तों ने भाग लिया। कुल मिलाकर रथ यात्रा अत्यन्त मंगलमय रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button