वेतन संकट को लेकर निमती चाय बागान में उग्र आंदोलन
अजित प्रसाद / अलीपुरद्वार : वेतन संकट को लेकर डुआर्स के निमती चाय बागान में मंगलवार को उग्र आंदोलन भड़क उठा। गुस्से से उफनाए मजदूर ज़ोर लगाकर गेट खोलकर सीधे फैक्टरी परिसर में घुस गए और जोरदार विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। फिलहाल मजदूर काम बंद कर लगातार आंदोलन पर डटे हुए हैं।
अलीपुरद्वार ज़िले के निमती झोड़ा चाय बागान में समय पर वेतन न मिलने को लेकर भारी तनाव फैल गया है। मजदूरों का आरोप है कि हर महीने निर्धारित समय पर मज़दूरी नहीं मिलती। मजबूरन उन्हें बार-बार आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ता है।
मंगलवार सुबह से ही मजदूरों ने काम बंद कर मैनेजमेंट दफ़्तर का घेराव किया और ज़ोरदार प्रदर्शन किया। नाराज़ मजदूरों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद मैनेजमेंट कोई कदम नहीं उठाता, बल्कि दिनोंदिन उनका शोषण किया जा रहा है। समय पर वेतन न मिलने से परिवार का खर्च चलाना बेहद मुश्किल हो गया है।



