सड़क हादसे में उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज की छात्रा की मौत:
ड्यूटी के बाद घूमने निकले 4 इंटर्न की गाड़ी हुई दुर्घटनाग्रस्त
अजित प्रसाद,नक्सलबाड़ी/सिलीगुड़ी : उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (NBMC) की एक इंटर्न छात्रा की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा रविवार शाम सिलीगुड़ी के पास नक्सलबाड़ी के कदमा मोड़ इलाके में पानीघाटा-बागडोगरा राज्य राजमार्ग पर हुआ। उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज के चार इंटर्न छात्र-छात्राएं (दो पुरुष और दो महिला) अपनी ड्यूटी खत्म करने के बाद कार से पानीघाटा की ओर घूमने निकले थे।विपरीत दिशा से सिलीगुड़ी की ओर आ रही एक अन्य कार के साथ उनकी गाड़ी की आमने-सामने भीषण भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। इस दुर्घटना में घायल हुई छात्रा सायंतनी भादुड़ी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वह कोलकाता की रहने वाली थी और उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज में इंटर्नशिप कर रही थी। घटना की सूचना मिलते ही नक्सलबाड़ी थाना पुलिस और ट्रैफिक गार्ड मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत नक्सलबाड़ी ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने के कारण दो इंटर्न को उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहाँ सायंतनी की मौत हो गई।बाकी तीन घायलों में से दो का इलाज अस्पताल में चल रहा है, जबकि एक को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।दूसरी कार का चालक भी इस हादसे में घायल बताया जा रहा है।पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और दुर्घटना के सही कारणों की जांच शुरू कर दी है।इस घटना के बाद उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राओं और स्टाफ में शोक की लहर दौड़ गई है।




