नहाय खाय के साथ धूमधाम से शुरू हुआ छठ महापर्व ,कानपुर में पूजा के लिए तैयार 55 घाट

 

सुनील वाजपेई
कानपुर। आज यहां शुक्रवार से छठ महापर्व की शुरुआत नहाय खाय के साथ हो गई। आज पहले दिन नहाय-खाय में सेंधा नमक, घी से बने अरवा चावल और कद्दू की सब्जी प्रसाद के रूप में ग्रहण की गई। जबकि दूसरे दिन यानी कल खरना या लोहंडा पर व्रती दिनभर अन्न-जल त्यागेंगे। शाम करीब सात बजे खीर बनाकर पूजा के बाद प्रसाद ग्रहण करेंगे। तीसरे दिन डूबते सूर्य को दूध से अर्घ्य दिया जाएगा। वहीं इसके आखिरी यानी चौथे दिन उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत पूरा किया जाएगा।
चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व में महिलाएं 36 घंटे का निर्जला व्रत रखकर सूर्यदेव और छठी मैया की पूजा-अर्चना करेंगी। शहर में पूजा के लिए 55 घाट तैयार किए गए हैं। इनमें 20 कृत्रिम घाट हैं। पर्व के दौरान व्रती पवित्र स्नान, उपवास, प्रसाद तैयार करने और सूर्य को अर्घ्य देने जैसे कठिन अनुष्ठान करेंगी।
ज्योतिषाचार्य पंडितों के मुताबिक यह वैदिक काल से मनाया जा रहा है। ऋग्वेद में सूर्य और उषा की पूजा का उल्लेख मिलता है। आर्य परंपरा में भी सूर्य उपासना का विशेष महत्व है। लोक मान्यता के अनुसार सूर्यदेव और छठी मैया भाई-बहन हैं। लोकमातृका षष्ठी की पहली पूजा सूर्यदेव ने ही की थी। षष्ठी देवी को कात्यायनी माता के नाम से भी जाना जाता है।
वही छठ महापर्व के बारे में एक और कथा प्रसिद्ध है जिसके मुताबिक प्रथम देवासुर संग्राम में असुरों से देवताओं की हार के बाद देवमाता अदिति ने तेजस्वी पुत्र की प्राप्ति के लिए देवारण्य स्थित देव सूर्य मंदिर में छठी मैया की आराधना की थी। प्रसन्न होकर छठी मैया ने उन्हें तेजस्वी पुत्र का वरदान दिया। इसके बाद त्रिदेव स्वरूप आदित्य भगवान का जन्म हुआ, जिन्होंने देवताओं को असुरों पर विजय दिलाई। इसी क्रम में एक और कथा है जिसमें बताया जाता है कि, पांडवों के जुए में राजपाट हारने पर श्रीकृष्ण के कहने पर द्रौपदी ने छठ व्रत रखा था। इससे उनकी मनोकामनाएं पूरी हुईं। जिसके बाद ही इस महापर्व की शुरुआत हुई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button