युवाओं के लिए प्रेरणा संदेश वक्ताओं ने कहा कि सुशील कुमार मोदी का जीवन युवाओं को जनसेवा की प्रेरणा देता है!

 

_रमेश ठाकुर_पटना, 5 जनवरी। बिहार विधान सभा के माननीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने सोमवार को श्रद्धेय बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री, पद्मभूषण से सम्मानित एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय सुशील कुमार मोदी की जयंती के अवसर पर राजेन्द्र नगर स्थित सुशील मोदी स्मृति पार्क में उनकी आदमकद प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में सहभागिता की। प्रतिमा का अनावरण माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार द्वारा किया गया।
इसके उपरांत माननीय अध्यक्ष पटना के कृष्ण मेमोरियल हॉल में सुशील कुमार मोदी स्मृति शोध संस्थान द्वारा आयोजित जयंती समारोह में भी सम्मिलित हुए। इस अवसर पर उन्होंने स्वर्गीय सुशील कुमार मोदी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें बिहार की राजनीति का दूरदर्शी, कर्मठ और सिद्धांतनिष्ठ नेता बताया।
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि स्वर्गीय सुशील कुमार मोदी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि विचारों और मूल्यों की राजनीति के सशक्त प्रतीक थे। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी, पारदर्शिता और जनसेवा को सर्वोपरि रखा। छात्र राजनीति से लेकर आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की रक्षा, जेपी आंदोलन, उप मुख्यमंत्री, वित्त मंत्री, राज्यसभा सांसद और राष्ट्रीय स्तर के नेता के रूप में उन्होंने हर भूमिका को निष्ठा और निर्भीकता के साथ निभाया।
उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री के रूप में सुशील कुमार मोदी ने बिहार की आर्थिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने, राजकोषीय अनुशासन स्थापित करने और सुशासन को मजबूत करने में अहम योगदान दिया। भ्रष्टाचार के विरुद्ध उनकी स्पष्ट और मुखर नीति आज भी सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।
माननीय अध्यक्ष ने कहा कि स्वर्गीय सुशील कुमार मोदी का जीवन विशेष रूप से युवाओं के लिए प्रेरक है। वे यह संदेश देते हैं कि राजनीति सत्ता का नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम है। विरोधियों के प्रति भी उनका व्यवहार सदैव शालीन और मर्यादित रहा।
अपने संबोधन के अंत में डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि स्वर्गीय सुशील कुमार मोदी को सच्ची श्रद्धांजलि उनके आदर्शों—ईमानदारी, पारदर्शिता और जनसेवा—को आत्मसात करने में है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की और कहा कि सुशील कुमार मोदी अपने विचारों और कार्यों के माध्यम से सदैव स्मरणीय रहेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button