अभिषेक बनर्जी का मतुआगढ़ दौरा ठाकुरबाड़ी में की पूजा-अर्चना
सीएए और नागरिकता के मुद्दे पर केंद्र को घेरा

अजित प्रसाद,उत्तर 24 परगना : तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी आज उत्तर 24 परगना जिले के ठाकुरनगर स्थित मतुआ ठाकुरबाड़ी पहुँचे। विधानसभा चुनाव 2026 के मद्देनजर उनके इस दौरे को राजनीतिक रूप से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उन्होंने यहां हरिचंद-गुरुचंद मंदिर और ‘बड़ो मां’ के मंदिर में पूजा-अर्चना की और मतुआ समुदाय के लोगों से मुलाकात की। अभिषेक बनर्जी के आने से पहले ही ठाकुरबाड़ी इलाके को भारी सुरक्षा घेरे में ले लिया गया था। राज्य पुलिस के साथ-साथ केंद्रीय बलों की भी तैनाती देखी गई। भाजपा सांसद और केंद्रीय मंत्री शांतनु ठाकुर ने इस सुरक्षा व्यवस्था पर कटाक्ष करते हुए कहा कि “प्रधानमंत्री के आने पर भी इतनी सुरक्षा नहीं होती, जितनी एक सांसद के लिए की गई है।”

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि यदि अभिषेक केवल पूजा करने आते हैं तो कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन राजनीति करने पर विरोध होगा। नदिया के ताहेरपुर की सभा के बाद यहाँ पहुँचे अभिषेक ने मतुआ समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा नागरिकता (CAA) के नाम पर लोगों को गुमराह कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि “अगर आप अवैध हैं, तो आपका वोट वैध कैसे है?” उन्होंने कहा कि ठाकुरबाड़ी का वास्तविक विकास मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने किया है, जबकि भाजपा केवल चुनावों के समय मतुआ समुदाय की याद आती है। उन्होंने ईडी (ED) और सीबीआई (CBI) की कार्रवाई को राजनीतिक प्रतिशोध बताते हुए कहा कि वे झुकने वाले नहीं हैं।ठाकुरबाड़ी में राज्यसभा सांसद ममता बाला ठाकुर और विधायक मधुपर्णा ठाकुर ने अभिषेक बनर्जी का भव्य स्वागत किया। मतुआ गोसाईं और भक्तों ने शंख बजाकर और पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन किया।




