हल्दिया में यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलटी, बाल-बाल बचे 40 यात्री
अजित प्रसाद,हल्दिया (पश्चिम बंगाल) –मेचेदा राज्य मार्ग पर रविवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। अनियंत्रित होकर एक निजी यात्री बस सड़क किनारे गड्ढे (नयानजुली) में जा गिरी। गनीमत रही कि बस की गति कम थी, जिसके कारण बस में सवार सभी 40 यात्री सुरक्षित हैं और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, रविवार सुबह करीब 8:30 बजे बस 40 यात्रियों को लेकर मेचेदा से हल्दिया की ओर जा रही थी। हल्दिया-मेचेदा राज्य मार्ग पर अचानक चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और बस सीधे सड़क किनारे बने गड्ढे में जा गिरी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस पलट गई, जिससे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।घटना की सूचना मिलते ही सुताहाटा थाना पुलिस मौके पर पहुँची।
स्थानीय निवासियों की मदद से पुलिस ने बस के भीतर फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि रविवार सुबह होने के कारण सड़क पर भीड़ कम थी और बस की रफ्तार भी बहुत अधिक नहीं थी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।इस दुर्घटना के कारण राज्य मार्ग पर कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही बाधित हुई। हालांकि, पुलिस ने क्रेन की मदद से बस को गड्ढे से बाहर निकाला और स्थिति को नियंत्रित किया, जिसके बाद यातायात फिर से सामान्य हो गया। पुलिस दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच कर रही है।



